
वह फ्लाईओवर जहां से कूदकर छात्रा ने की खुदकुशी। फोटो: पत्रिका
कोटा। देश की कोचिंग नगरी कोटा में कोचिंग छात्र की आत्महत्या के मामले से सनसनी फैल गई। जेईई की तैयारी कर रही 17 वर्षीय छात्रा ने फ्लाईओवर से छलांग लगा दी। पुलिस जांच कर रही है।
विज्ञान नगर थाना अधिकारी मुकेश मीणा ने बताया कि बिहार के अररिया जिले की रहने वाली 17 वर्षीय छात्रा जनवरी में कोटा आकर एक निजी कोचिंग संस्थान से जेईई की तैयारी कर रही थी और पीजी में रहती थी। शनिवार रात करीब 12 बजे वह कोटा-झालावाड़ रोड स्थित श्रीजी हॉस्पिटल के सामने फ्लाईओवर पर पहुंची और वहां से छलांग लगा दी।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां रविवार सुबह करीब 8 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शव को एमबीएस अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। परिजनों के कोटा पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस छात्रा के पीजी, कोचिंग और मोबाइल की जांच कर घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
इससे पहले इसी महीने उत्तर प्रदेश के रहने वाला 17 साल के एक छात्र ने जवाहर नगर पुलिस स्टेशन इलाके के राजीव गांधी नगर में हॉस्टल के कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली थी। आर्यन ओझा यूपी के संत कबीर नगर का रहने वाला था और कोटा में जेईई की तैयारी कर रहा था।
Updated on:
28 Jun 2026 06:43 pm
Published on:
28 Jun 2026 11:32 am
