27 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Kota News: दरा की पुलिया पर फिर मातम : ट्रक में घुसी बाइक, पिता की मौत, बेटा घायल

कोटा जिले के मोड़क स्टेशन थाना क्षेत्र में रेलवे स्टील ब्रिज के आगे बनी संकरी और घुमावदार पुलिया के पास हुए इस हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

kamlesh sharma

Mar 27, 2026

फोटो पत्रिका नेटवर्क

कोटा जिले के मोड़क स्टेशन थाना क्षेत्र में स्थित दरा अभयारण्य इलाके में शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रेलवे स्टील ब्रिज के आगे बनी संकरी और घुमावदार पुलिया के पास हुए इस हादसे में बाइक सवार पिता की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार हादसा दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उस समय हुआ, जब मोहनलाल लोधा अपने पुत्र हरिओम लोधा के साथ ढोलिया माताजी के दर्शन करने बाइक से जा रहे थे। जैसे ही वे रेलवे स्टील ब्रिज के आगे स्थित संकरी और घुमावदार पुलिया के पास पहुंचे, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे की सूचना मिलते ही मोड़क थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत मोड़क अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें झालावाड़ रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान मोहनलाल लोधा ने दम तोड़ दिया, जबकि हरिओम लोधा का उपचार जारी है और उसकी स्थिति चिंताजनक बताई जा रही है।

घटना के बाद ट्रक चालक फरार

मामले में हेड कांस्टेबल रामचरण ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक को डिटेन कर लिया गया है, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है और मामले की जांच की जा रही है।

स्टील ब्रिज बना हादसों का हॉटस्पॉट

इस घटना के बाद एक बार फिर रेलवे स्टील ब्रिज के पास बनी यह संकरी पुलिया चर्चा में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह स्थान लंबे समय से हादसों का हॉटस्पॉट बना हुआ है। यहां सड़क संकरी होने और तेज मोड़ के कारण वाहन चालकों को पर्याप्त दृश्यता नहीं मिलती, जिससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

ग्रामीणों के अनुसार पिछले एक वर्ष में यहां करीब एक दर्जन सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें चार लोगों की जान जा चुकी है। लोगों ने प्रशासन से इस खतरनाक स्थल पर सड़क चौड़ीकरण, चेतावनी संकेत और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।