
बूंदी डिपो में खड़ी वडोदरा चलने वाली बस। फोटो: पत्रिका
कोटा। राजस्थान रोडवेज ने पहली बार कोटा के कोचिंग क्षेत्र के विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई पहल की है। अब रोडवेज की बस सेवा सीधे जवाहर नगर स्थित कोचिंग क्षेत्र से संचालित की जाएगी। 1 अप्रेल से कोटा-उदयपुर-अहमदाबाद-वडोदरा रूट पर सेमी डीलक्स बस सेवा शुरू की जा रही है, जिससे विद्यार्थियों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
बूंदी डिपो द्वारा शुरू की जा रही यह बस कोटा संभाग से गुजरात के लिए एकमात्र सीधी सरकारी बस सेवा होगी। इस नई सेवा से कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, अहमदाबाद और वडोदरा के यात्रियों को सीधी बस मिलेगी। खास तौर पर कोचिंग छात्रों और उनके अभिभावकों को बड़ी सुविधा मिलेगी, क्योंकि अब उन्हें बस स्टैंड तक जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
खास बात यह है कि बस दोपहर 3.10 बजे जवाहर नगर कोचिंग क्षेत्र से रवाना होगी। इसके बाद बस नयापुरा बस स्टैंड से 3.40 से 4 बजे के बीच प्रस्थान करेगी। निर्धारित समयानुसार बस शाम 5 बजे बूंदी, 6.15 बजे बिजोलिया, रात 8.30 बजे चित्तौड़गढ़ और 11 बजे उदयपुर पहुंचेगी। उदयपुर से रात 11.30 बजे रवाना होकर बस सुबह 5.30 बजे अहमदाबाद गीता मंदिर बस स्टैंड पहुंचेगी। यहां से 5.45 बजे रवाना होकर सुबह 8 बजे वडोदरा पहुंचेगी।
वापसी में यह बस शाम 4 बजे वडोदरा से रवाना होगी और 6.45 बजे अहमदाबाद से चलकर रात 11.30 बजे उदयपुर पहुंचेगी। इसके बाद रात 2.30 बजे चित्तौड़गढ़, सुबह 5.30 बजे बिजौलिया, 6.30 बजे बूंदी होते हुए 7.30 बजे कोटा और सुबह 8 बजे जवाहर नगर पहुंचेगी।
इस नई बस सेवा से कोटा के कोचिंग छात्रों और यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। अब उन्हें बस स्टैंड तक जाने की जरूरत नहीं होगी, जिससे समय और खर्च दोनों बचेंगे। जवाहर नगर से सीधे बस मिलने से सफर ज्यादा सुविधाजनक और सुरक्षित बनेगा। कोटा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, अहमदाबाद और वडोदरा के बीच सीधी कनेक्टिविटी से यात्रा आसान होगी। खासकर छात्रों और अभिभावकों को बार-बार वाहन बदलने की परेशानी से छुटकारा मिलेगा।
रोडवेज ने बस की ऑनलाइन सीट बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई है, जिससे यात्री पहले से अपनी सीट सुनिश्चित कर सकते हैं। बूंदी आगार के मुख्य प्रबंधक घनश्याम गौड़ ने बताया कि विद्यार्थियों की सुविधा और यात्री भार बढ़ाने के उद्देश्य से यह सेवा शुरू की जा रही है। आने वाले समय में मांग के अनुसार ऐसी और सेवाएं शुरू करने पर भी विचार किया जाएगा।
Updated on:
27 Mar 2026 11:11 am
Published on:
27 Mar 2026 07:55 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
