21 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोटा में पार्टी से लौट रहे रिटायर्ड प्रिंसिपल की मौत, बाइक सहित खुले नाले में गिरे

Kota Retired Principal Death : कोटा शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में खुले नाले ने एक रिटायर्ड प्रिंसिपल की जान ले ली। गोकुल कॉलोनी स्थित खुले नाले में बाइक सहित गिरने से 60 वर्षीय रामेश्वर रावत की मौत हो गई।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

kamlesh sharma

May 21, 2026

retired principal death Kota

नाले में गिरी बाइक। फोटो पत्रिका

Kota Retired Principal Death : कोटा। शहर के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में खुले नाले ने एक रिटायर्ड प्रिंसिपल की जान ले ली। गोकुल कॉलोनी स्थित खुले नाले में बाइक सहित गिरने से 60 वर्षीय रामेश्वर रावत की मौत हो गई। गुरुवार सुबह करीब 10 बजे उनकी लाश बाइक के नीचे दबी मिली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

बोरखेड़ा थाना सीआई अनिल कुमार टेलर ने बताया कि अनंतपुरा क्षेत्र के सुभाष नगर द्वितीय निवासी रामेश्वर रावत बुधवार दोपहर करीब 2 बजे घर से समाज की मीटिंग में जाने की बात कहकर निकले थे। इसके बाद रात करीब 10 बजे परिजनों ने उन्हें फोन किया, लेकिन मोबाइल बंद मिला। इस पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक उनका कोई पता नहीं चल सका।

बाइक नंबर के आधार पर मृतक की हुई पहचान

पुलिस के अनुसार गुरुवार सुबह गोकुल कॉलोनी के खुले नाले में स्थानीय लोगों ने एक बाइक पड़ी देखी। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बोरखेड़ा थाना पुलिस ने बाइक को बाहर निकलवाया। बाइक के नीचे एक व्यक्ति दबा हुआ मिला। पुलिस उसे तुरंत एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाइक नंबर के आधार पर मृतक की पहचान रामेश्वर रावत के रूप में हुई।

रातभर नाले में पड़े रहे

परिजनों ने बताया कि रामेश्वर रावत दो महीने पहले ही झाड़गांव स्थित सरकारी स्कूल से प्रिंसिपल पद से सेवानिवृत्त हुए थे। बुधवार को उन्होंने पहले समाज की मीटिंग में हिस्सा लिया था। इसके बाद अपने स्टाफ के लोगों को रिटायरमेंट पार्टी दी थी। देर रात घर लौटते समय उनकी बाइक अनियंत्रित होकर खुले नाले में गिर गई। हादसे के बाद वे पूरी रात नाले में ही पड़े रहे। सुबह लोगों की नजर बाइक पर पड़ी तो घटना का खुलासा हुआ।

प्रशासन पर लापरवाही का आरोप

घटना के बाद परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने नगर निगम और कोटा विकास प्राधिकरण पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि यह नाला लंबे समय से खुला पड़ा हुआ है, लेकिन संबंधित विभागों ने अब तक इसे ढंकने या सुरक्षा इंतजाम करने की जरूरत नहीं समझी। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा व्यवस्था की जाती तो यह हादसा टल सकता था। परिजनों ने मामले में जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।