6 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

“देख लो तुम्हारी बहन जिंदा है या नहीं…” 7 माह की गर्भवती महिला होमगार्ड की संदिग्ध अवस्था में मौत, किया था प्रेम विवाह

कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में सात महीने की गर्भवती महिला होमगार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला की शादी को अभी 23 महीने ही हुए थे।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

kamlesh sharma

Jan 23, 2026

मृतका नैना सिंह। फोटो पत्रिका नेटवर्क

कोटा। आरकेपुरम थाना क्षेत्र में सात महीने की गर्भवती महिला होमगार्ड की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला की शादी को अभी 23 महीने ही हुए थे। शुक्रवार को न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल की मोर्चरी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों ने पति पर घरेलू हिंसा और दहेज के लिए प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिसके आधार पर पुलिस ने दहेज हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने बताया कि यह घटना गुरुवार रात करीब 10 बजे स्वामी विवेकानंद नगर की है। मृतका की पहचान नैना सिंह (25) के रूप में हुई है। वह अपने किराए के मकान के कमरे में मृत मिली। नैना एक होनहार रेसलिंग खिलाड़ी भी रही थी और पिछले चार वर्षों से होमगार्ड के पद पर कार्यरत थी। वह सात माह की गर्भवती थी, जिससे मामला और भी संवेदनशील हो गया है।

प्रेम विवाह किया था

मृतका के छोटे भाई गौतम सिंह ने बताया कि नैना ने गजेंद्र सिंह के साथ प्रेम विवाह किया था। फरवरी 2026 में शादी को दो वर्ष पूरे होने वाले थे। गजेंद्र सिंह नगर निगम में संविदा पर कार्यरत है। दोनों पति-पत्नी कोटा में किराए के मकान में रह रहे थे। शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन पिछले कई महीनों से हालात बिगड़ते चले गए। गौतम सिंह का आरोप है कि पिछले 8 से 9 महीनों से जीजा गजेंद्र सिंह उसकी बहन को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था। शराब के नशे में गाली-गलौज करता था और दहेज को लेकर ताने मारता था। वह अक्सर कहता था कि उसके पिता ने शादी में क्या दिया है। परिजनों का कहना है कि इस प्रताड़ना के चलते नैना लगातार तनाव में रहती थी।

रात 10 बजे किया था जीजा ने कॉल

गौतम ने बताया कि घटना वाली रात करीब 10 बजे गजेंद्र सिंह ने फोन कर कहा कि देख लो तुम्हारी बहन जिंदा है या नहीं। यह सुनते ही परिजन घबरा गए और तुरंत मौके पर पहुंचे। वहां का दृश्य देखकर सभी स्तब्ध रह गए। आनन-फानन में नैना को नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर आरकेपुरम थाना पुलिस अस्पताल पहुंची। परिजनों ने लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और दोषी को कठोर सजा दिलाने की मांग की है।

परिजनों की शिकायत पर मुकदमा किया दर्ज

डीएसपी मनीष शर्मा ने बताया कि परिजनों की शिकायत के आधार पर दहेज हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमॉर्टम कराया गया है और सभी पहलुओं से जांच जारी है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।