
गुस्से से तमतमाए लोग पहुंचे स्कूल, बच्चों को क्लास से बाहर निकाल लगा दिया ताला...जानिए क्या है वजह
कुंदनपुर. शिक्षकों की कमी से जूझ रहे राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय घाटोलिया में सोमवार को प्रधानाध्यापक के स्थानान्तरण के बाद ग्रामीणों एवं छात्रों का रोष फूट पड़ा। ग्रामीणों ने प्रधानाध्यापक के स्थानान्तरण के विरोध में स्कूल भवन पर ताला ठोक दिया तथा प्रदर्शन किया। बाद में मौके पर पहुंचे पीईईओ की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने साढ़े ग्यारह बजे ताला खोला।
जानकारी के अनुसार हाल ही विभाग ने विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामकुंवार गौड़ का तबादला कर दिया। इसकी जानकारी जब सोमवार को सुबह ग्रामीणों को लगी तो करीब आठ बजे बड़ी संख्या में ग्रामीण स्कूल पहुंचे और मुख्य द्वार पर ताला लगा दिया तथा प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीण और छात्र सड़क पर धरना देकर बैठ गए।
मनमर्जी से तबादले का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सरकार मनमर्जी से शिक्षकों के तबादले कर रही है। ग्रामीण बद्रीलाल नागर व सियाराम नागर ने बताया कि आठवीं तक संचालित इस स्कूल में प्रधानाध्यापक समेत मात्र तीन अध्यापक कार्यरत थे। अब प्रधानाध्यापक का स्थानान्तरण होने से यहां दो शिक्षक रह गए हैं। इनमें भी एक के पास बीएलओ का काम होने से स्कूल में शिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है।
आधा घंटे तक की समझाइश
करीब ग्यारह बजे सूचना मिलने पर पीईईओ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से समझाइश शुरू की। करीब आधा घंटे की समझाइश पर ग्रामीण माने और ताला खोला। इसके बाद विद्यालय चला। ग्रामीणों ने सात दिन में शिक्षक नहीं लगने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। स्कूल भवन पर ताला लगाने से इसी भवन में संचालित आंगनबाड़ी केन्द्र के बच्चों को भी बाहर बैठकर भवन खुलने का इंतजार करना पड़ा।
Published on:
14 Aug 2018, 7:00 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.