कोटा . फरवरी के आखिरी दिनों में भले ही सर्दी अब कम हो गई हो, लेकिन इस साल बीते तीन महीनों नवम्बर से जनवरी तक शहर के फुटपाथों पर 12 लोगों ने अपनी जान गंवा दी। उनकी मौत के पीछे बीमारी और दूसरे कारण गिनाए गए। अलबत्ता सर्दी भी इन मौतों के पीछे बड़ा कारण रही। फुटपाथ पर फटेहाल सोने वाले इन लोगों के सिर पर न छत होती है, न ओढऩे-बिछाने के पर्याप्त बिस्तर। उनकी मौत पर कोई हल्ला भी नहीं हुआ। न कोई एनजीओ बोला, न किसी राजनीतिक दल ने इतनी फुर्सत निकाली, जो यह कहता कि फुटपाथ पर ठिठुरकर लोग जान गंवा रहे हैं। इसका कारण मरने वाले सभी अज्ञात थे। उनके नाम-पते तक पता नहीं चले।