
हादसे का फोटो: पत्रिका
Vehicle Collided On Expressway: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मंडावरा टोल के आगे दिल्ली जाने वाली लेन में 4 वाहन आपस में टकरा गए। इस दुर्घटना में पुलिस की 112 पेट्रोलिंग जीप और 108 एंबुलेंस भी क्षतिग्रस्त हो गईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4 बजे हरियाणा नंबर की एक पिकअप अचानक पलट गई। पिकअप में भरे कार्टन सड़क पर बिखर गए, जिससे एक्सप्रेसवे पर अव्यवस्था की स्थिति बन गई। ये पिकअप उज्जैन से अलवर की ओर जा रही थी। दुर्घटना में पिकअप चालक घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही बूढ़ादीत थाना क्षेत्र के नाइट ड्यूटी अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मी घायल चालक को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कर रहे थे। इसी दौरान कोटा से खातौली की ओर जा रही 108 एंबुलेंस भी वहां से गुजर रही थी, जिसे रुकवाकर घायल चालक को प्राथमिक उपचार दिया।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अचानक एंबुलेंस को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पास में खड़ी एम्बुलेंस और पुलिस पेट्रोलिंग जीप भी क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं दुर्घटनाग्रस्त पिकअप से भी वाहन जा भिड़े, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
गनीमत यह रही कि उस समय पुलिसकर्मी, एंबुलेंस स्टाफ और घायल चालक थोड़ी दूरी पर थे, जिससे कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया और ट्रक को जब्त कर लिया।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने सभी क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर रास्ता साफ कराया, जिसके बाद यातायात फिर से सामान्य हो गया। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Updated on:
09 Apr 2026 02:24 pm
Published on:
09 Apr 2026 02:00 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
