
सीमा विवाद में फंसा गंदा पानी, व्यापारी परेशान
कोटा. गुमानपुरा मुख्य बाजार में नाले का गंदा पानी पाइप से दूसरी तरफ डालने के लिए खोदी गई सड़क का काम एक साल बाद भी अधूरा पड़ा है। आसपास के व्यापारी परेशान हैं, लेकिन कोई समाधान नहीं हो रहा। समस्या को लेकर व्यापारी कोटा दक्षिण और कोटा उत्तर विधायकों से से भी गुहार लगा चुके, लेकिन विवाद के कारण नगर विकास न्यास नाले का काम शुरू नहीं कर पा रहा है। दोनों विधानसभा क्षेत्र के फेर में काम अटका पड़ा है।
व्यापारियों ने बताया कि इंदिरा गांधी सर्किल के समीप शिमला बेकरी के पास यूआईटी ने नाले के पानी को दूसरी तरफ संगम होटल की तरफ डालने के लिए सालभर पहले सड़क की खुदाई शुरू कर दी थी, लेकिन तभी दोनों विधानसभा क्षेत्र की सीमा का विवाद हो गया। कोटा उत्तर के लोगों ने काम बंद करा दिया। इसके बाद से काम अधूरा पड़ा है। यूआईटी ने नाले का ढकान तक नहीं किया है। विधायकों की खींचतान का खामियाजा स्थानीय व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है।
यह है समस्या
सिंधी कॉलोनी, वल्लभनगर, गुमानपुरा बाजार, मल्टीपरपज स्कूल के आसपास के क्षेत्र का बारिश का पानी इस नाले में आता है। लेकिन, निकासी की सुचारू व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां पानी भर जाता है। इस पानी की निकासी के लिए पाइप डाला जाना था। कोटा उत्तर और कोटा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की सीमा गुमानपुरा रोड से बंट जाती है। शिमला बेकरी के पास वाला क्षेत्र कोटा दक्षिण तथा संगम होटल वाला क्षेत्र कोटा उत्तर विधानसभा क्षेत्र में आता है। इस कारण काम बंद पड़ा है।
यूआईटी ने व्यापारियों की समस्या को देखते हुए नाले के पानी को रोड के दूसरी तरफ डालने के लिए पाइप डाला जाना था। ढलान के हिसाब से यह उचित था, लेकिन विरोध के कारण काम बंद पड़ा है। व्यापारी परेशान हैं, कोई सुनवाई नहीं हो रही है।
संजय शर्मा, अध्यक्ष गुमानपुरा व्यापार संघ
नाले का काम पूरा करवाने के लिए दस से पन्द्रह बार यूआईटी सचिव को पत्र लिखा जा चुका है। कई बार न्यास अध्यक्ष और महापौर को भी समस्या बता चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हो रहा।
रामेश आहूजा पार्षद वार्ड 64
नाले का पानी संगम होटल की तरफ डालने से इधर के व्यापारियों को परेशानी होती है। सुझाव दिया था कि पानी सिंधी धर्मशाला के पास वाले नाले में डालने के लिए पाइप बिछाया जा सकता है।
बृजेश शर्मा नीटू वार्ड 39
Published on:
18 Aug 2018 10:34 am
