
कोटा । राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बृहस्पतिवार सुबह कोटा जिले की सांगोद विधानसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक भरत सिंह कुंदनपुर से मुलाकात करने के लिए उनके गुमानपुरा स्थित आवास पर पहुंचे। गहलोत सर्किट हाउस में कोटा के कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं एवं जिले, संभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करने के बाद सीधे भरत सिंह के गुमानपुरा स्थित निजी आवास भीम निवास पहुंचे। उनके साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल, खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष पंकज मेहता, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव अमित धारीवाल आदि भी थे। भरत सिंह ने अपने आवास पर आए सीएम गहलोत का स्वागत किया और चाय की चुस्की लेते हुए दोनों के बीच 15 मिनट तक वार्ता हुई। मुलाकात के बाद विधायक ने कहा कि वे उनका लगातार विरोध कर रहे थे। फिर भी मुख्यमंत्री मिलने पहुंचे यह उनका बड़प्पन है।
बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत
गहलोत के निमंत्रण पर पूर्व में उनकी कैबिनेट में वरिष्ठ मंत्री रहे भरत सिंह ने बुधवार देर शाम सर्किट हाउस में मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी और दोनों नेताओं ने बंद कमरे में काफी देर तक बातचीत की थी। इसी दौरान भरत सिंह ने गहलोत को जयपुर लौटने से पहले अपने आवास पर चाय पर आने का निमंत्रण दिया था जिसे मुख्यमंत्री ने स्वीकार कर लिया और उसके बाद सर्किट हाउस से रवाना होने के बाद गहलोत सीधे भरत सिंह के गुमान स्थित निवास पर पहुंचे और अन्य नेताओं के साथ में सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत की और बाद में भरत सिंह से विदाई लेकर शंभूपुरा के लिए रवाना हो गए जहां कोटा का नया हवाई अड्डा बनाया जाना प्रस्तावित किया गया है।
...तो राज्य करेगा कोटा में एयरपोर्ट का विकास: गहलोत
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार कोटा में प्रस्तावित ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट के निर्माण कार्य शुरु करने के लिए अपने हिस्से का काम कर चुकी है। केंद्र सरकार को एयरपोर्ट बनाने के लिए निशुल्क जमीन दे चुकी है लेकिन केंद्र सरकार नई-नई शर्ते लगाकर एयरपोर्ट के निर्माण में बाधा बन रहा है। यदि केंद्र नहीं माना तो राज्य सरकार अपने स्तर पर एयरपोर्ट का विकास करवाएंगा। मुख्यमंत्री गहलोत ने जयपुर लौटने से पहले शंभूपुरा गांव में नागरिक उड्ड़यन मंत्रालय को एयरपोर्ट के निर्माण के लिए दी गई जमीन का अधिकारियों के साथ अवलोकन किया। इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट के विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
Published on:
14 Sept 2023 06:32 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
