
कोटा में हुई बारिश का फोटो: पत्रिका
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी राजस्थान में 6 से 7 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी। 6 अगस्त को भरतपुर, जयपुर और कोटा संभाग में कई जगह मध्यम से भारी बारिश हो सकती है। वहीं 7 से 10 अगस्त तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। 7 से 9 अगस्त के बीच भरतपुर, जयपुर, कोटा और उदयपुर संभाग में कहीं-कहीं भारी से अतिभारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से और आसपास परिसंचरण तंत्र बना हुआ है। मानसून की ट्रफ रेखा श्रीगंगानगर, रोहतक और गया से होकर गुजर रही है। इसके असर से अगले कुछ दिन प्रदेश में बारिश का दौर बढ़ेगा।
बुधवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। जिसमें अलवर के गोविंदगढ़ में 72 मिमी बारिश दर्ज की गई। दौसा में 36.5 मिमी, करौली में 35.5 मिमी और फतेहपुर में 23.4 मिमी बारिश दर्ज हुई। अजमेर में 15, झालावाड़ में 9, कोटा में 8.6 और श्रीगंगानगर में 8.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
उधर प्रदेश में दिन का सबसे अधिक तापमान डूंगरपुर में 38.4 डिग्री रहा। जैसलमेर और फलोदी में 38.2, श्रीगंगानगर में 38.1 तथा बीकानेर में 37.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राजधानी में तापमान इन जिलों के मुकाबले कम रहा, लेकिन उमस के कारण गर्मी का असर बना रहा।
कोटा शहर में भी बुधवार शाम मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। दिनभर बादलों की आवाजाही के बावजूद गर्मी और उमस से लोग परेशान रहे। शाम करीब चार बजे आसमान में काली घटाएं छा गईं और शाम सवा पांच बजे से बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब एक घंटे तक हुई तेज बारिश से सड़कों पर पानी बहने लगा और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। नए कोटा क्षेत्र में बारिश का असर ज्यादा देखने को मिला। कई इलाकों में सड़कें पानी से लबालब हो गईं।
वहीं पार्कों में भी पानी भर गया। बारिश के दौरान वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दूसरी ओर पुराने कोटा के कई इलाकों में बारिश कम हुई। मौसम विभाग के अनुसार कोटा शहर में पिछले 24 घंटे में 8.6 एमएम बारिश दर्ज की गई। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस रहा।
Updated on:
06 Aug 2026 11:18 am
Published on:
06 Aug 2026 10:40 am
