15 अप्रैल 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan: पिता को ले जाने लगे होमगार्ड, 5 साल का मासूम पैर से लिपटा, रोते हुए बोला-पापा को छोड़ दो, इन्हें मत पकड़ो

Rawatbhata news : रावतभाटा नगरपालिका प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के दौरान एक सब्जी विक्रेता ने जब गुमटी हटाने का विरोध किया तो होमगार्ड जवान उसे गाड़ी में बैठाने के लिए ले जाने लगे।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

kamlesh sharma

Apr 15, 2026

फोटो-वायरल वीडियो का स्क्रीनशॉट

Rajasthan News : कोटा। रावतभाटा नगरपालिका प्रशासन की ओर से अतिक्रमण हटाने के दौरान एक सब्जी विक्रेता ने जब गुमटी हटाने का विरोध किया तो होमगार्ड जवान उसे गाड़ी में बैठाने के लिए ले जाने लगे। इसी दौरान सब्जी विक्रेता का 5 साल का मासूम बेटा पिता से लिपट गया और उन्हें नहीं ले जाने की जिद करने लगा। मामला चारभूजा इलाके के बप्पा रावल चौराहे का है। घटना सोमवार की है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बच्चा पिता के साथ गाड़ी तक आ गया।

नगरपालिका अधिकारी से दुकान तोड़ने का कारण पूछा तो मारा थप्पड़

जानकारी के अनुसार नगरपालिका का दस्ता अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंचा और वहां लगी गुमटियों को हटाना शुरू कर दिया। इसी दौरान सब्जी विक्रेता लालचंद की गुमटी भी तोड़ दी गई। सब्जी विक्रेता लालचंद ने बताया कि पिछले 4 साल से यहां गुमटी लगाकर सब्जी बेच रहा हूं। नगरपालिका का दस्ता आया और बिना पूर्व सूचना दिए मेरी गुमटी तोड़ दी। घटना के दौरान मैं दुकान से 100 मीटर दूर मेरे मकान पर था। मुझे सूचना मिली तो मैं अपने 5 साल के बेटे को लेकर मौके पर पहुंचा। जब मैंने नगरपालिका के अधिकारी नरपत सिंह से दुकान तोड़ने का कारण पूछा और कार्रवाई का विरोध किया तो उन्होंने मुझे मेरे मासूम बेटे के सामने थप्पड़ मारा।

'पापा को छोड़ दो, इन्हें मत पकड़ो'

इसके बाद 2 होमगार्ड मुझे पकड़कर गाड़ी में बैठाने ले जाने लगे। यह सब देख मेरा बेटा मेरे पांव के लिपट गया और रोते हुए कहने लगा पापा को छोड़ दो, इन्हें मत पकड़ो। इस कार्रवाई में मेरा काफी नुकसान हुआ है। अगर वे मुझे पहले सूचना दे देते तो मैं गुमटी हटा लेता। मामले में मैंने रावतभाटा पुलिस थाने और ऑनलाइन पॉर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई है।

सब्जी विक्रेता ने टीम के टीम के साथ किया दुर्व्यवहार

इधर, नगर पालिका के प्रभारी नरपत सिंह ने बताया कि चारभुजा परमाणु बिजलीघर मार्ग पर सड़क किनारे अतिक्रमण की शिकायत मिली थी। टीम मौके पर पहुंची और नियमानुसार कार्रवाई की। इस दौरान संबंधित सब्जी विक्रेता ने टीम के साथ दुर्व्यवहार किया, जिसके चलते उसे पाबंद किया गया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।