28 मार्च 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Roadways: यात्रियों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, 1 अप्रेल से कोटा-जयपुर-उदयपुर-जोधपुर समेत इन नए रूट पर चलेंगी रोडवेज बसें

Roadways Bus Route: कोटा संभाग में 1 अप्रेल से रोडवेज बस सेवाओं का विस्तार होने जा रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए कई नए रूटों पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा, जिससे प्रमुख शहरों और धार्मिक स्थलों तक सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

Akshita Deora

Mar 28, 2026

Rajasthan Roadways

राजस्थान रोडवेज-फाइल फोटो

Roadways Expansion In Kota Division: कोटा संभाग में एक अप्रेल से रोडवेज बस सेवाओं का दायरा बढ़ने जा रहा है। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई नए मार्गों पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। खास बात यह है कि इस बार एसी और डीलक्स बसों की संख्या बढ़ाई गई है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा अधिक आरामदायक होगी। साथ ही, धार्मिक स्थलों और बड़े शहरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

कोटा डिपो के चीफ मैनेजर अजय कुमार मीणा ने बताया कि डिपो को दो एसी, दो डीलक्स और पांच साधारण बसें मिली हैं। इसके तहत कोटा से जोधपुर, उदयपुर और जयपुर के लिए नई सेवाएं शुरू होंगी। जोधपुर के लिए रात्रिकालीन डीलक्स बस चलाई जाएगी, जबकि सुबह की नॉन एसी बस के स्थान पर अब एसी बस संचालित होगी। इसके अलावा हरिद्वार के लिए डीलक्स सेवा शुरू करने की भी तैयारी है। खाटूश्याम और सांवरिया सेठ के लिए भी बसें चलाई जाएंगी।

बूंदी : नए रूट से बढ़ेगी क्षेत्रीय कनेक्टिविटी

कोटा संभाग में परिवहन सुविधाओं के विस्तार के तहत बूंदी जिले में भी नए मार्गों पर बसों का संचालन शुरू किया जाएगा। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन और अधिक आसान होगा तथा यात्रियों को समयबद्ध सेवाएं मिल सकेंगी। बूंदी डिपो के चीफ मैनेजर घनश्याम गौड़ ने बताया कि डिपो को आठ नई अनुबंधित बसें मिली हैं।

इन बसों के माध्यम से कोटा-बूंदी-उदयपुर-अहमदाबाद-वडोदरा मार्ग पर सेवा शुरू होगी। इसके अलावा बूंदी से जयपुर के लिए नॉन स्टॉप सेमी डीलक्स बस, बूंदी-सांवरियाजी सेवा, बूंदी-इन्द्रगढ़-जयपुर (वाया उनियारा, टोंक) और बूंदी-खटकड़-नैनवां-घाड़-जयपुर मार्ग पर भी बसें चलाई जाएंगी। कोटा-अजमेर मार्ग पर भी संचालन किया जाएगा।

बारां : जयपुर-उदयपुर के लिए बंद सेवा होगी शुरू

कोटा संभाग के बारां जिले में भी एक अप्रेल से नई बस सेवाओं की शुरुआत होगी, जिससे यात्रियों को प्रमुख शहरों तक तेज और सुविधाजनक परिवहन मिलेगा। खासकर जयपुर और उदयपुर के लिए सीधी सेवाओं से यात्रा समय में कमी आएगी। बारां डिपो के चीफ मैनेजर योगेन्द्र कुमार ने बताया कि बारां से उदयपुर के लिए वाया रावतभाटा डीलक्स बस चलाई जाएगी।

इसके अलावा छीपाबड़ौद से जयपुर के लिए मांगरोल, लाखेरी और इन्द्रगढ़ होते हुए नई सेवा शुरू होगी। बारां से जयपुर के लिए नॉन स्टॉप बस सेवा भी संचालित की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिन मार्गों से पुरानी बसें हटाई जाएंगी, वहां नई बसों को लगाया जाएगा, जिससे यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित यात्रा का अनुभव मिल सकेगा।