रामगंजमंडी. नगर में रेलवे की आवासीय कॉलोनी में रहने वाले करीब ढ़ाई सौ परिवारों को सुलभता से पेयजल उपलब्ध कराने के लिए करीब 45 लाख रुपए से निर्मित होने ेवाली पानी की टंकी ने आकार तो ले लिया, लेकिन निर्माण आधी अधूरी हालत में होने से गर्मी तक टंकी में पानी का स्टोरेज होने की संभावना नहीं बनने से इस वर्ष गर्मी में पाइप लाइन के जरिए ही कॉलोनी में रहने वाले परिवारों को पानी उपलब्घ होने की संभावना नहीं है।
रामगंजमंडी रेलवे स्टेशन के दोनों हिस्सों में रेलवे कर्मचारियों के आवास है। वर्तमान में आरपीएफ पुलिस चौकी के निकट पानी की टंकी बनी हुई है जिससे कॉलोनी में रहने वाले कर्मचारियों को पीने का पानी उपलब्ध कराया जाता है। राणाप्रताप सागर पेयजल योजना से मिले सीधे कनेक्शन से इस टंकी में पानी भरा जाता है। टंकी की क्षमता कम होने से कॉलोनी में पेयजल वितरण का समय निर्धारित नहीं है। शिफ्ट बदलकर कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति होती है जिससे कर्मचारियों को गर्मी के दिनों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
गर्मी में पेयजल की मांग बढऩे पर कई बार टैंकरों से जलापूर्ति की स्थिति बन जाती है। इसी टंकी से रेलवे स्टेशन के सार्वजनिक नलों को जोड़ा हुआ है। आवक के मुकाबले में ज्यादा खपत व पानी स्टोरेज की समस्या को देखकर रेलवे ने नई टंकी का निर्माण कराने की योजना बनाई थी।