7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोटा

IMD Weather Forecast : राजस्थान के कोटा व उदयपुर संभाग में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, प्री-मानसून की गतिविधियां आज से शुरू

Google source verification

राजस्थान में आगामी दिनों में मानसून सक्रिय होने तथा आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में मेघगर्जन के साथ बारिश की गतिविधियों में 25-26 जून से बढ़ोतरी होने की संभावना है। पूर्वी राजस्थान के कुछ भागों में मानसून अगले 2-4 दिनों के दौरान पहुंचने की संभावना है। 26 से 28 जून के दौरान दक्षिण पूर्वी राजस्थान के कोटा, उदयपुर संभाग व आसपास के इलाकों में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान के उत्तरी भागों में मेघगर्जन के साथ कहीं-कहीं हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है।

उमस भरी गर्मी ने छुड़ाए पसीने

हाड़ौती अंचल में उमस भरी गर्मी ने लोगों के पसीेने छुड़ा दिए। कोटा शहर में दिन में तेज धूप निकली। बादल भी छाए और कुछ जगहों पर बूंदाबांदी भी हुई। ऐसे में उमस का जोर और अधिक बढ़ गया। कूलर-पंखों की हवा भी बेअसर रही। उमस के कारण लोग बेहाल हो गए। शाम ढलने के बाद भी उमस का जोर कम नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, कोटा का अधिकतम तापमान एक डिग्री बढ़कर 38.8 व न्यूनतम तापमान 4 डिग्री बढ़कर 30.5 सेल्सियस रहा। सुबह की आर्द्रता 67 प्रतिशत व शाम की 52 प्रतिशत तक पहुंच गई है। हवा की रफ्तार 5 किमी प्रति घंटे की ही है।

बारां जिले में लोग गर्मी और उमस के चलते परेशान रहे। शाम होते-होते शहर में हल्की बूंदाबांदी होने से उमस का जो बढ़ गया। दिन में कई बार गुल हुई। बिजली ने भी लोगों की परेशानी को बढ़ा दिया। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री रहा।

डाबी व कापरेन में शाम को बरसे बदरा

बूंदी जिले में शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे। बूंदी शहर में सुबह से बादलों की आवाजाही बनी रही। उमस व गर्मी से लोग परेशान रहे। डाबी व कापरेन में शाम को कुछ देर तेज बारिश हुई। अधिकतम तापमान 39 व न्यूनतम 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। झालावाड़ जिले में उमसभरी गर्मी से लोग बेहाल रहे। दिनभर बादल छाए रहे, लेकिन कहीं बरसे नहीं। बादलों की आवाजाही रही। भीषण गर्मी में लाइट कटौती से लोग खासे परेशान नजर आए।अधिकतम तापमान 33 व न्यूनतम 26 डिग्री रहा।