
राजस्थान में रविवार से एक और नया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके असर से आंधी, बारिश की गतिविधियों में पुनः बढ़ोतरी होगी। इस दौरान तेज अंधड़ 50 से 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेगी। तेज बारिश और कहीं-कहीं वज्रपात ओलावृष्टि की भी प्रबल संभावना रहेगी। इसके लिए मौसम विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, यलो अलर्ट जारी करते हुए आंधी, बारिश की गतिविधियां 30 व 31 मई को भी कही-कहीं जारी रहेगी।
बादल छाए, उमस भरी गर्मी ने छुड़ाए पसीने
पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण शनिवार को हाड़ौती अंचल में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार देर रात तूफान का असर रहा। जबकि शनिवार को दिनभर बादल छाए रहे। तेज गर्मी व बादल छाए रहने से उमस भरी गर्मी का असर रहा। लोग पसीने से तरबतर रहे। बाजारों में भी आमजन की आवाजाही कम रही। शाम ढलने के बाद भी उमस का असर कम नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान 38.4 व न्यूनतम तापमान 7 डिग्री बढ़कर 27.6 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह 8.30 बजे की आर्द्रता 54 प्रतिशत रही। हवा की रफ्तार 8 किमी प्रति घंटे की रही। बूंदी जिले में दिनभर मौसम साफ रहा। सुबह तेज धूप निकली तो फिर से गर्मी का अहसास हुआ। अधिकतम तापमान 36 व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारां व झालावाड़ जिले में तेज गर्मी का असर रहा।
तूफान से मोबाइल का टावर उखड़ा
हाड़ौती अंचल में बीते दो दिन से आ रहे तूफान ने नौतपा का असर कम कर दिया। शुक्रवार देर रात भी आए तूफान से झालावाड़ जिले के सारोला कस्बे में बीएसएनएल का मोबाइल टावर उखड़ गया। गनीमत यह रही कि टावर दीवार के सहारे अटक गया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया। तूफान के कारण कोटा शहर में देर रात एक बजे एक घंटे तक बिजली गुल रही थी। इस चलते लोग पसीने से तरबतर रहे। बूंदी शहर में तेज हवा चली। बिजली गुल हो गई।
Updated on:
27 May 2023 07:02 pm
Published on:
27 May 2023 07:02 pm
