8 जुलाई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

कोटा में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का बड़ा एलान, 15 हजार करोड़ से बनेगा कोटा-ग्वालियर-इटावा अटल एक्सप्रेस-वे

Nitin Gadkari Kota Visit: कोटा में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने 15 हजार करोड़ रुपए की लागत से कोटा-ग्वालियर-इटावा अटल एक्सप्रेस-वे बनाने की घोषणा की। उन्होंने कोटा कनेक्टिविटी के लिए नए फोरलेन और बाइपास का एलान किया तथा एक्सप्रेस-वे किनारे अवैध ढाबों पर ट्रक खड़े कराने वालों के खिलाफ एफआईआर के निर्देश दिए।
2 min read
Google source verification

कोटा

image

Arvind Rao

Jul 08, 2026

Nitin Gadkari Kota Visit

Nitin Gadkari Kota Visit (Patrika Photo)

Kota-Gwalior-Etawah Atal Expressway: कोटा: केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को दिल्ली से कोटा तक कार द्वारा सफर कर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। इस 92 किलोमीटर लंबे निरीक्षण सफर के दौरान उनके साथ लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी एक ही कार में सवार थे। यह सफर एक्सप्रेस-वे के लबान इंटरचेंज (बूंदी) से दरा टनल (कोटा) तक किया गया। इसके बाद गडकरी ने लबान और कोटा के गोपालपुरा में आयोजित आमसभाओं को संबोधित किया।

विकास कार्यों और नए एक्सप्रेस-वे की घोषणाएं

अटल एक्सप्रेस-वे: चंबल नदी के किनारे राजस्थान, मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले 15,000 करोड़ रुपए की लागत के कोटा-ग्वालियर-इटावा अटल एक्सप्रेस-वे की घोषणा की गई।

चेचट बाइपास: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से कोटा-झालावाड़ को जोड़ने के लिए चेचट में 551 करोड़ रुपए की लागत से 10 किलोमीटर लंबा बाइपास बनाया जाएगा।

फोरलेन संपर्क मार्ग: कोटा शहर को बालापुरा इंटरचेंज से जोड़ने के लिए 1,220 करोड़ रुपए की लागत से एक नया फोरलेन मार्ग तैयार किया जाएगा।

अवैध ढाबों और सुरक्षा व्यवस्था पर सख्त निर्देश

इससे पहले, दोपहर में अलवर जिले के पिनान रेस्ट एरिया पहुंचने पर उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। जहां गडकरी ने सड़क निरीक्षण वाहन का शुभारंभ किया। एक्सप्रेस-वे पर हो रहे हादसों पर चिंता व्यक्त करते हुए गडकरी ने एनएचएआई और मंत्रालय के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा की। एक्सप्रेस-वे के किनारे अवैध रूप से संचालित ढाबों और उनके बाहर बेतरतीब खड़े ट्रकों को देख उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।

गडकरी ने निर्देश दिए कि सिर्फ ट्रक चालकों पर कार्रवाई करना काफी नहीं है। दुर्घटनाओं को न्योता देने वाले ऐसे अवैध ढाबा संचालकों के खिलाफ भी तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को एक्सप्रेस-वे पर दुर्घटना संभावित 'ब्लैक स्पॉट्स' की पहचान कर उनका तुरंत स्थायी समाधान खोजने के निर्देश दिए।

राजस्थान के 14 जिलों की बदलेगी तस्वीर : ओम बिरला

बूंदी के लबान इंटरचेंज पर आयोजित कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे से राजस्थान के 14 जिलों को सीधा फायदा होगा। इससे परिवहन लागत में कमी आएगी, उद्योगों व पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि अब दिल्ली की दूरी महज चार घंटे रह जाने से क्षेत्र में औद्योगिक निवेश की संभावनाएं काफी बढ़ जाएंगी।

हेलीकॉप्टर की हवा से रेलिंग गिरी

कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शाम को जब मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का हेलीकॉप्टर एक्सप्रेस-वे पर बने हेलीपैड पर उतरा, तो उसकी तेज हवा से वहां लगी रेलिंग गिर गई। इस घटना में पास खड़े बूंदी भाजपा जिलाध्यक्ष का कुर्ता फट गया, हालांकि किसी के चोटिल होने की सूचना नहीं है।