
भाजपा नेता विजय सिंह पलाड़ा
कुचामनसिटी। भाजपा जिला उपाध्यक्ष विजय सिंह पलाड़ा को जान से मारने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में यूनाइटेड किंगडम (यूके) के एक विदेशी नंबर से कॉल और धमकी भरे वॉयस नोट भेजे जाने से शहर में सनसनी फैल गई है। कॉल करने वाले व्यक्ति ने खुद को ‘नवीन बॉक्सर गोदारा ग्रुप’ से जुड़ा बताते हुए पलाड़ा से पांच करोड़ रुपए की रंगदारी की मांग की और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजय सिंह पलाड़ा के मोबाइल पर यूके नंबर से करीब आठ बार कॉल आए। अनहोनी की आशंका के चलते पलाड़ा ने कॉल रिसीव नहीं किया। इसके बाद आरोपियों की ओर से चार अलग-अलग वॉयस नोट भेजे गए। इन ऑडियो संदेशों में बेहद आपत्तिजनक और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए पलाड़ा को खुलेआम जान से मारने की धमकी दी गई।
एक ऑडियो में आरोपी ने खुद को रोहित गोदारा गैंग से जुड़े नवीन बॉक्सर के रूप में बताते हुए कहा कि पांच करोड़ रुपए की रंगदारी के लिए यह अंतिम संदेश है और रकम नहीं देने पर अंजाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। घटना सामने आने के बाद स्थानीय पुलिस और साइबर सेल सक्रिय हो गई है। विदेशी नंबर से आए कॉल और वॉयस नोट्स की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि कॉल की लोकेशन और इसमें शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
यह पहला मौका नहीं है जब पलाड़ा को इस तरह की धमकियां मिली हों। पिछले करीब दो महीनों से उन्हें कथित रूप से रोहित गोदारा गैंग के नाम से कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। अब तक एक दर्जन से अधिक कॉल और वॉयस नोट्स के जरिए उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई है। लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए पुलिस प्रशासन पहले ही विजय सिंह पलाड़ा को सशस्त्र सुरक्षा उपलब्ध करा चुका है। इसके बावजूद विदेशी नंबरों से आ रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। वहीं शहर के लोगों में भी इस बात को लेकर नाराजगी है कि दो माह से लगातार धमकियां मिलने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
‘हा विजय सिंह, फोन तो उठा ले… बात कर।’
‘मेरी बात सुन विजय सिंह… हमने राजस्थान में जितने मारे हैं, उतने मारे हैं… तेरे लिए यह लास्ट वॉइस है, मरने के लिए तैयार हो जा।’
‘तेरे को इतनी गोली मारूंगा कि समझ में नहीं आएगा… पुलिस, नेता या कोई भी बचा नहीं पाएगा।’
‘तू दूसरा सुखिया बनना चाहता है राजस्थान में… उसे कुत्ते की मौत मारा था, तुझे भी वैसे ही मारेंगे।’
‘मैं नवीन बॉक्सर बोल रहा हूं… पांच करोड़ की रंगदारी के लिए यह लास्ट मैसेज है, अब अंजाम भुगतने के लिए तैयार रह।’
भाजपा नेता पलाड़ा इस मामले में पहले ही कुचामन और जयपुर में मुकदमे दर्ज करा चुके हैं। नवीन बॉक्सर के नाम से भेजे गए ताजा वॉयस नोट्स के बाद पलाड़ा ने जयपुर में स्पेशल पुलिस कमिश्नर ओमप्रकाश और डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण से मुलाकात कर लिखित शिकायत सौंपी तथा सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
इस बार नवीन बॉक्सर के नाम से जान से मारने की धमकी दी गई है। विदेशी नंबरों से आठ कॉल आए और कॉल नहीं उठाने पर चार वॉयस नोट भेजे गए हैं। इस संबंध में पुलिस के उच्च अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
विजय सिंह पलाड़ा, पीड़ित
इस मामले में पहले से ही कुचामन सिटी थाने में मुकदमा दर्ज है। आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द कार्रवाई की जाएगी।
सतपाल सिंह, थानाधिकारी, कुचामन सिटी
Updated on:
15 Apr 2026 03:47 pm
Published on:
15 Apr 2026 03:46 pm
