
(फोटो सोर्स: @ians_india)
Kushinagar International Airport: मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ शनिवार को कुशीनगर पहुंचे। टेकुआटार में जनसभा को संबोधित करते हुए योगी ने कहा कि पहले के समय में इसी मौसम में इंसेफेलाइटिस (दिमागी बुखार) से हजारों मासूम बच्चे तड़पते थे और बीआरडी मेडिकल कॉलेज में सबसे ज्यादा बच्चे कुशीनगर के ही होते थे। पूर्ववर्ती सरकारों में कोई संवेदना नहीं थी, लेकिन आज यह बीमारी पूरी तरह समाप्त हो चुकी है और बच्चों को हंसते हुए देखकर संतोष मिलता है। उन्होंने कहा कि रामायण कालीन यह धरती भगवान बुद्ध और महावीर की भूमि है। यहां पहले भी संभावनाएं थीं, लेकिन पूर्व की सरकारें ईमानदार नहीं थीं।
कनेक्टिविटी को लेकर बड़ा ऐलान करते हुए सीएम योगी ने कहा कि कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को जल्द ही पूरी तरह शुरू किया जाएगा और इसे जेवर एयरपोर्ट से जोड़ा जाएगा, जिससे यहां अच्छे एयरक्राफ्ट आ सकेंगे। उन्होंने कहा कि रामायणकालीन कुशीनगर भगवान बुद्ध और महावीर की पावन धरती रही है, लेकिन पूर्ववर्ती सरकारों की नीयत साफ न होने के कारण यहां संभावनाओं के बावजूद विकास नहीं हो सका। इसके अलावा, उन्होंने नारायणी नदी के उस पार रहने वाले लोगों के लिए पुल बनाने और क्षेत्र में पर्यटन की अपार संभावनाओं को बढ़ाने की बात कही।
मुसहर समुदाय का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व की सरकारों में यह समुदाय बेहद उपेक्षित हालात में जीवन गुजारता था। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले की सरकारें केवल घोषणाएं करने तक सीमित रहीं, जबकि सत्ता में रहते हुए भी इस समुदाय की सुध लेने वाला कोई नहीं था और सड़कों जैसी बुनियादी सुविधाओं तक की अनदेखी होती रही।
विकास योजनाओं की चर्चा करते हुए सीएम ने कहा कि कुशीनगर को एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी दी जा चुकी है और आज यहां के नौजवान बिना किसी भेदभाव के यूपी पुलिस और यूपीएससी में नौकरियां पा रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पहले की सरकारें खुद पैरालिसिस की शिकार थीं, इसलिए कोई नीति नहीं बना पाती थीं। सरकारी नौकरियों पर सपाई गुंडे कब्जा जमाए बैठे थे। उन्होंने दावा किया कि पिछले 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में कोई दंगा नहीं हुआ। आज राज्य में 'नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा का माहौल है। सभी हिंदू त्योहार शांतिपूर्वक मनाए जा रहे हैं।
सीएम ने कुशीनगर में नारायणी नदी पर पुल, एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी और कसया, हाटा और रामकोला विधानसभा के लिए 525 करोड़ की योजनाओं की भी घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने 100 वर्ष से अधिक आयु के दो वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को एक ही विचारधारा के प्रति जीवन समर्पित करने के लिए सम्मानित भी किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि गरीबों, युवाओं और किसानों के कल्याण के लिए सरकार के पास धन की कोई कमी नहीं है।
Updated on:
11 Jul 2026 02:23 pm
Published on:
11 Jul 2026 01:34 pm
