6 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लखीमपुर कोर्ट में चली गोली, वकील ने चचेरे भाई को मारी गोली, खेत-मेड़ का विवाद बना वजह

Lakhimpur Kheri lawyer shooting : लखीमपुर-खीरी कचहरी परिसर में एक सनसनीखेज खबर सामने आई है। अधिवक्ता विराट राज ने चचेरे भाई जितेंद्र राज को दिनदहाड़े गोली मार दी।

2 min read
Google source verification

लखीमपुर कोर्ट में चली गोली, PC- Patrika

लखीमपुर खीरी : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह कचहरी परिसर में एक घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। पेशे से अधिवक्ता विराट राज (ज्ञानी) ने अपने चचेरे भाई अधिवक्ता जितेंद्र राज को दिनदहाड़े गोली मार दी। गोली जितेंद्र राज के सीने में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना थाना सदर कोतवाली क्षेत्र के कचहरी कॉम्प्लेक्स में हुई।

विवाद की वजह क्या थी?

जानकारी के अनुसार, आरोपी विराट राज के पिता अधिवक्ता जसकरन राज और घायल जितेंद्र राज के पिता राम अवतार के बीच लंबे समय से खेत में पानी जाने और मेड़ को लेकर पारिवारिक विवाद चल रहा था। यह विवाद कई दिनों से दोनों परिवारों के बीच तनाव का कारण बना हुआ था।

सोमवार सुबह कचहरी परिसर में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही हाथापाई में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पहले वकीलों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। लेकिन कुछ देर बाद विवाद फिर भड़क उठा। इसी दौरान जसकरन राज का बेटा विराट राज (जिसे शिवम राज ज्ञानी भी कहा जाता है) मौके पर पहुंचा और गुस्से में आकर अपने चचेरे भाई जितेंद्र राज पर 315 बोर के तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली सीने में लगने से जितेंद्र राज तख्त पर गिर पड़े। घायल वकील ने फौरन जख्म को रुमाल से दबाया और कराहते रहे।

मौके पर पहुंची डीएम और एसपी

घटना की सूचना मिलते ही कचहरी परिसर में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जिले की एसपी ख्याति गर्ग और डीएम दुर्गा शक्ति नागपाल तुरंत मौके पर पहुंचीं और हालात का जायजा लिया।

पुलिस ने घायल अधिवक्ता जितेंद्र राज को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक बनी रही, इसलिए बेहतर इलाज के लिए उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया गया।

लखीमपुर के सीओ विवेक कुमार तिवारी ने बताया कि 6 अप्रैल 2026 को कचहरी परिसर में पारिवारिक विवाद के चलते मारपीट हुई। इसी दौरान विराट राज ने जितेंद्र राज पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल को अस्पताल पहुंचाया। आरोपी विराट राज घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और तलाश शुरू कर दी है।

कचहरी परिसर में फायरिंग से हड़कंप

दिनदहाड़े कचहरी परिसर में गोली चलने की घटना ने अधिवक्ताओं और आम लोगों में दहशत का माहौल बना दिया है। कई वकीलों ने कोर्ट परिसर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। इस घटना से न्यायिक प्रक्रिया पर भी असर पड़ा और कचहरी में कुछ देर के लिए हड़कंप मचा रहा।

पुलिस का कहना है कि मौके पर शांति व्यवस्था कायम कर ली गई है और पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है। आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।