
Lalitpur Road Accident: उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले के तालबेहट क्षेत्र में आज यानी रविवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। एक टैक्सी और कंटेनर की भयावह टक्कर में दो महिलाओं और एक बच्चे की मौत की सूचना सामने आ रही है। इस हादसे में दर्जनों लोग घायल हो गए हैं जिनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है जबकि कई अन्य को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों में प्राथमिक उपचार भी दिया जा रहा है।
ललितपुर में टैक्सी-कंटेनर की टक्कर की घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। घायलों को एंबुलेंस के जरिए तुरंत अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है।
ललितपुर में टैक्सी-कंटेनर की टक्कर में हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कंटेनर और टैक्सी के बीच हुई तेज रफ्तार टक्कर से यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने बताया कि हादसे से सड़क पर यातायात बाधित हो गया था जिसे राहत कार्य के बाद सुचारु कर दिया गया है।
उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में सड़क दुर्घटनाओं की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। प्रशासन के सड़क पर सतर्कता बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते रहने के बाद भी दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ रही है।
Updated on:
15 Dec 2024, 6:18 PM IST
Published on:
15 Dec 2024, 6:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.