
जुआरियों को पकड़ने गई पुलिस पर ही हो गयी फायरिंग, मिली जान से मारने की धमकी
ललितपुर. क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिंदवाहा में पुलिस ने जुआरियों के अड्डे को पकड़ा है। महरौनी कोतवाली प्रभारी जय प्रकाश नारायण सिंह जब अपने शासकीय काम में व्यस्त थे, तब मुखबिर से कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत जुआ खेले जाने की खबर मिली। मुखबिर की सूचना के आधार पर जब पुलिस टीम का छापा उस चिन्हित स्थान पर पड़ा, तो वहां जुआरियों की काफी भीड़ लगी हुई थी। पुलिस को देखते ही जुआरियों में हड़कंप मच गया और सब वहां से भागने लगे।पुलिस पार्टी को अपनी तरफ आता देख पकड़े जाने के भय से जुआरियों ने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। इस हमले में पुलिस कर्मचारी बाल बाल बचे।
जानें क्या है पूरा मामला
जनपद ललितपुर का कोतवाली महरौनी क्षेत्र समीपवर्ती मध्यप्रदेश की सीमा से सटा हुआ है। इस कारण यहां पर मध्य प्रदेश के आस-पास के क्षेत्रों से कई बड़े जुआरी यहां जुआ खेलने के लिए आते हैं। कोतवाली क्षेत्र में जगह-जगह जुए के फड़ कहीं भी देखने को मिल जाएंगे और जैसे ही पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलती है, पुलिस तुरंत कार्यवाही करती है। ऐसे ही एक मामले में कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश नारायण को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम सिंदवाहा में आम महुआ का बगीचा है, जहां लगभग 1 दर्जन से अधिक व्यक्ति हार जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं।
5 जुआरी आए पुलिस की गिरफ्त में
मुखबिर की सूचना के आधार पर कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश नारायण जैसे ही पुलिस टीम को लेकर चिन्हित स्थान पर पहुंचे, वहां पर 1 दर्जन से अधिक लोग जुआ खेल रहे थे। पुलिस पार्टी को देखकर जुआरियों में हड़कंप मच गया। जुआरियों ने पुलिस पार्टी को जान से मारने की नियत से उन पर फायर कर दिया। हालांकि, इस हमले में पुलिस पार्टी का कोई कर्मचारी हताहत नहीं हुआ। काफी जद्दोजहद के बाद पुलिस ने 5 जुआरियों को दबोच लिया और 9 जुआरी मौके से फरार हो गए।
आरोपी होंगे गिरफ्तार
उक्त मामले में कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश नारायण, अमर सिंह, दाऊ राजा, ब्रिज लाल, सत्य नारायण त्रिपाठी, विजय नायक, गोपाल राजा, गोपाल सिंह सहदेव, मलखान राजा समेत कई आरोपियों पर 147, 148, 149, 307 धाराओं में मामला पंजीकृत कर कार्यवाही की है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। इस मामले में कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश नारायण का कहना है कि जल्द ही हम आरोपियों को गिरफ्तार कर लेंगे ।
Published on:
06 Jul 2018 07:02 pm
