
ललितपुर. जनपद के लोगों के लिये अब दिल्ली व इहालाबाद जाना और आसान हो जाएगा। योगी आदित्यनाथ सरकार की गांवों को शहरों से जोड़ने की योजना के तहत राज्य परिवहन निगम (UPSRTC) की मड़ावरा से दिल्ली के लिए बस सेवा का शुभारंभ हो गया। सोमवार से मड़ावरा और इलाहाबाद के बीच बस सेवा भी शुरू हो जाएगी।
उत्तर प्रदेश के श्रम सेवा योजन राज्य मन्त्री मनोहर लाल कोरी ने मड़ावरा से दिल्ली तक के लिए बस सेवा को हरी झंडी दिखाई। राज्य परिवहन निगम की यह बस मड़ावरा से छूटेगी जो ग्रामीण अंचलों से होती हुई वाया ग्वालियर और आगरा के रास्ते दिल्ली पहुंचेगी। यह बस मड़ावरा से पौने तीन बजे (2:45 PM) छूटेगी जो अगले दिन सुबह पौने आठ बजे (7:45 AM) दिल्ली पहुंचेगी। राज्य परिवहन निगम यह बस 595 किमी. का सफर 17 घंटों में तय करेगी। अधिक जानकारी के लिए आप UPSRTC की हेल्पलाइन टॉल फ्री नंबर (1800-180-2877) पर कॉल कर सकते हैं।
'सबका साथ सबका विकास' के सिद्धांत पर काम कर रही सरकार : राज्यमंत्री
यूपीएसआरटीसी (Uttar Pradesh State Road Transport Corporation) की बस का शुभारम्भ करते हुए राज्य मन्त्री मनोहर लाल कोरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार 'सबका साथ सबका विकास' के सिद्धांत पर चलकर प्रदेश के विकास को कटिबद्ध होकर कार्य कर रही है। इस बस के संचालित होने से हर वर्ग के लोगों को लाभ मिलेगा, खास तौर से व्यापारी, मजदूर वर्ग के हितों को ध्यान के रखकर इस बस को संचालित किया गया है। यह बस जनपद के दूरस्थ इलाके से दिल्ली जैसे महानगर को जोड़ने में सहायक सिद्ध होगी।
जनता की हर समस्या का होगा निदान : भाजपा विधायक
सदर से भाजपा विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि यह बस आप सबके लिए समर्पित की जा रही है। आगे आपकी जरूरतों पर खरा उतरने का भरसक प्रयास करते हुए जनता से जुड़ी हर समस्या का शासन से प्रमुखता से निदान करवाया जायेगा। जरूरत पड़ने पर दूर दराज के इलाकों तक को नई बसों को चलवाने का प्रयास किया जायेगा।
सोमवार से शुरू होगी मड़ावरा और इलाहाबाद के बीच बस सेवा
कार्यक्रम के दौरान मण्डल मड़ावरा के भाजपा कार्यकर्ताओं ने मड़ावरा से इलाहाबाद तक बस संचालन करने की मांग की। राज्य मन्त्री मनोहर लाल कोरी की प्रबल संस्तुति को मानते हुए क्षेत्रीय मण्डल महाप्रबंधक राज्य परिवहन डीबी सिंह जी ने सोमवार से इलाहाबाद तक बस चलाने की घोषणा की गयी।
क्षेत्रीय मण्डल महाप्रबंधक डीबी सिंह ने रखी ये मांग
विशिष्ट अतिथि मण्डल महाप्रबंधक डी बी सिंह ने कहा कि यह सरकार जनता की जरूरतों को ध्यान में रखकर कार्य कर रही है। परिवहन निगम दूरस्त इलाकों की जनता की भरसक मदद कर रहा है। उन्होंने कहा कि ललितपुर से झांसी तक का मार्ग अगर शासन स्तर से राष्ट्रीयकृत कर दिया जाये तो राज्य परिवहन सेवा को ज्यादा सहूलियत मिल जायेगी। इससे नई बसों का संचालन बढ़ जायेगा।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में श्रम सेवायोजन राज्यमन्त्री मनोहर लाल कोरी, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष रमेश सिंह लोधी, क्षेत्रीय महाप्रबंधक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम, झांसी डी बी सिंह आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यमन्त्री मनोहर लाल कोरी थे।
Updated on:
06 Jan 2018 12:11 pm
Published on:
06 Jan 2018 12:07 pm
बड़ी खबरें
View Allललितपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
