12 मार्च 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

WhatsApp का नया फीचर: अब 13 साल से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट पर रहेगा माता-पिता का कंट्रोल

WhatsApp Parent Managed Accounts: व्हाट्सएप का नया फीचर बच्चों की सुरक्षा के लिए। अब 13 साल से कम उम्र के यूजर्स के अकाउंट को माता-पिता कंट्रोल कर सकेंगे, जानें पूरी डिटेल।

2 min read
Google source verification

भारत

image

Rahul Yadav

Mar 12, 2026

WhatsApp Parent Managed Accounts

WhatsApp Parent Managed Accounts (Image: ChatGPT)

WhatsApp Parent Managed Accounts: इंस्टेंट मैसेजिंग ऐप व्हाट्सएप (WhatsApp) ने बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक नया फीचर पेश किया है। इस फीचर का नाम ‘Parent-Managed Accounts’ है, जिसे खास तौर पर 13 साल से कम उम्र के यूजर्स के लिए तैयार किया गया है। इसके जरिए माता-पिता या अभिभावक अपने बच्चों के व्हाट्सएप अकाउंट की गतिविधियों और प्राइवेसी सेटिंग्स को कंट्रोल कर सकेंगे।

आज के समय में बच्चे और किशोर बड़ी संख्या में WhatsApp, Instagram और Snapchat जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में कई बार उन्हें अनजान लोगों के मैसेज या अनुचित कंटेंट का सामना करना पड़ सकता है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए व्हाट्सएप ने यह नया सुरक्षा फीचर शुरू किया है।

क्या है WhatsApp Parent-Managed Accounts?

Parent-Managed Accounts ऐसे WhatsApp अकाउंट हैं जो माता-पिता या अभिभावक के अकाउंट से लिंक होंगे। इसके जरिए पैरेंट्स यह तय कर सकेंगे कि बच्चा ऐप का इस्तेमाल कैसे करेगा और किससे बातचीत कर सकता है।

इस फीचर को तैयार करते समय कंपनी ने परिवारों और ऑनलाइन सुरक्षा विशेषज्ञों की राय भी ली है, ताकि बच्चों के लिए एक सुरक्षित मैसेजिंग एनवायरनमेंट तैयार किया जा सके।

इस सिस्टम के तहत बच्चे केवल विश्वसनीय और एप्रूव्ड कॉन्टैक्ट्स से ही बातचीत कर सकेंगे।

बच्चों के लिए सीमित होंगे कई फीचर्स

Parent-Managed Accounts में सामान्य व्हाट्सएप अकाउंट की तुलना में कुछ फीचर्स सीमित कर दिए गए हैं।

इन अकाउंट्स में केवल प्राइवेट मैसेज और वॉइस कॉल की सुविधा होगी, स्टेटस अपडेट का फीचर उपलब्ध नहीं होगा, चैनल्स और Meta AI जैसी सुविधाएं भी बंद रहेंगी और डिसअपेअरिंग मैसेज विकल्प को भी निष्क्रिय रखा जाएगा।

इन सीमाओं का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि बच्चे अनजान यूजर्स या अनावश्यक कंटेंट से दूर रहें।

अनजान नंबर के मैसेज जाएंगे रिक्वेस्ट फोल्डर में

इस फीचर में मैसेज फिल्टरिंग सिस्टम भी दिया गया है। अगर किसी अनजान नंबर से बच्चे को मैसेज आता है, तो वह सीधे Request Folder में चला जाएगा।

माता-पिता इस फोल्डर को सुरक्षित PIN के जरिए एक्सेस कर सकेंगे और तय कर पाएंगे कि उस कॉन्टैक्ट को अनुमति देनी है या नहीं।

पैरेंट्स को मिलेंगे नोटिफिकेशन

Parent-Managed Accounts में माता-पिता को बच्चों की कुछ महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी भी मिलती रहेगी।

उदाहरण के तौर पर - बच्चा नया कॉन्टैक्ट जोड़ता है, किसी यूजर को ब्लॉक करता है और किसी अकाउंट को रिपोर्ट करता है।

हालांकि WhatsApp का कहना है कि इन अकाउंट्स में भी End-to-End Encryption बरकरार रहेगा, जिससे बातचीत की गोपनीयता सुरक्षित रहेगी।

ऐसे सेट करें Parent-Managed WhatsApp Account

इस फीचर को सेट करना काफी आसान है।

  • सबसे पहले माता-पिता को Parent-Managed Account के लिए रजिस्ट्रेशन करना होगा।
  • रजिस्ट्रेशन के दौरान बच्चे की जन्मतिथि (Date of Birth) दर्ज करनी होगी।
  • सेटअप के समय माता-पिता और बच्चे दोनों के फोन की जरूरत होगी ताकि अकाउंट लिंक किया जा सके।
  • कुछ मामलों में माता-पिता को पहचान सत्यापन (Identity Verification) करना पड़ सकता है।
  • वेरिफिकेशन के लिए सेल्फी सबमिट करने की भी जरूरत पड़ सकती है।

सेटअप पूरा होने के बाद माता-पिता अपने WhatsApp अकाउंट से ही प्राइवेसी और कॉन्टैक्ट सेटिंग्स मैनेज कर सकेंगे।

आने वाले महीनों में शुरू होगा रोलआउट

WhatsApp के मुताबिक Parent-Managed Accounts फीचर को आने वाले महीनों में धीरे-धीरे रोल आउट किया जाएगा। इसका उद्देश्य बच्चों को एक सुरक्षित डिजिटल माहौल देना है, ताकि वे अपने दोस्तों और परिवार के साथ सुरक्षित तरीके से जुड़ सकें।