
शहनाज हुसैन स्किन केयर टिप्स (file photo)| image credit instagram-shahnazhusain_official
Shahnaz Husain skin care Tips: चेहरा धोना त्वचा की देखभाल का सबसे आसान काम लगता है। साफ-सुथरी और आकर्षक त्वचा पाने की चाहत में हम दिन में बार-बार चेहरा धोते हैं, जबकि सही तरीके से चेहरा धोने से ही हमारी त्वचा ताजा, साफ और स्वस्थ दिखती है। अधिकांश लोग चेहरा धोने में गलतियां करते हैं, जिससे उनकी त्वचा नीरस, डल और बेजान सी दिखने लगती है। हेल्दी और ग्लोइंग स्किन के लिए सही तरीके से फेस वॉश कैसे करें, आइए अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त सौंदर्य विशेषज्ञ शहनाज हुसैन से जानते हैं।
चेहरा धोने से पहले हाथों को साबुन से धो लें। हमारे हाथ निरन्तर बैक्टीरिया, तेल और गंदगी के संपर्क में आते रहते हैं। गंदे हाथों से चेहरा धोने से गंदगी चेहरे पर फैल सकती है, जिससे चेहरे के रोमछिद्र बंद हो जाते हैं और कील, मुहांसे निकल आते हैं।
दिन में दो बार चेहरा धोएं। सुबह चेहरा धोने से ऑयल क्लीन हो जाता है, जबकि शाम को चेहरा धोने से दिनभर की धूल, मिट्टी और प्रदूषण हट जाता है। अगर चेहरा धोने के बाद आपकी त्वचा रूखी और खिंची-खिंची सी लगती है, तो समझ जाइए कि बार-बार चेहरा धोने से चेहरे का प्राकृतिक तेल व नमी गायब हो गई है।
चेहरा सुखाने के लिए मुलायम सूती साफ तौलिये का इस्तेमाल करें। गंदे तौलिये पर बैक्टीरिया हो सकते हैं, जो आपकी त्वचा पर जम जाएंगे। ये रोमछिद्रों को बंद कर सकते हैं, जिससे मुहांसे और त्वचा की समस्याएं पैदा हो सकती हैं।
गर्म पानी से चेहरा धोने से त्वचा की प्राकृतिक नमी खत्म हो जाती है। अगर आप ठंडे पानी से चेहरा धोते हैं तो त्वचा के छिद्र सिकुड़ जाते हैं, जिसकी वजह से चेहरा सही तरह से साफ नहीं हो पाता। इसलिए चेहरा धोने के लिए हमेशा गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। गुनगुना पानी रोमछिद्रों को खोलकर चेहरे से तेल और गंदगी को पूरी तरह हटा देता है और चेहरे के प्राकृतिक तेल और नमी को भी बनाए रखता है।
चेहरे को धोने के लिए ज्यादा फेस वॉश का उपयोग नुकसान पहुंचा सकता है। इससे त्वचा का नेचुरल ऑयल खत्म हो जाता है और त्वचा रूखी-रूखी लगने लगती है। चेहरा धोने के लिए मटर के दाने के बराबर फेस वॉश काफी होता है। इसे अपनी हथेली पर डालकर आपस में रगड़कर झाग बनाएं और उंगलियों की मदद से गीले चेहरे पर समान रूप से लगाएं। इसे आहिस्ता से गोलाकार गति में लगाएं, क्योंकि इसके जोर से रगड़ने से त्वचा में घाव हो सकते हैं। फेस वॉश का चयन करते समय अपनी स्किन टाइप का ध्यान रखें।
Updated on:
24 May 2026 02:08 pm
Published on:
24 May 2026 01:30 pm
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
ट्रेंडिंग
स्वास्थ्य
संडे स्पेशल में कुछ मीठा खाने का है मन? तो बनाएं फूड ब्लॉगर की शेयर की हुई ये Instant Mango Rasmalai

