
Monsoon के लिए बेस्ट फुटवियर कैसे खरीदें (representative image) image credit gemini
Best Footwear For Rain: मानसून के आते ही सबसे बड़ी परेशानी पैदल बाहर जाने पर कपड़ों पर जूते या चप्पल से पानी और कीचड़ के छींटे पड़ने की होती है। इसके साथ ही अगर सही फुटवियर नहीं चुना जाए तो पैर जल्दी गीले हो जाते हैं और फिसलने का डर भी रहता है। इसलिए आइए जानते हैं कि बारिश के दिनों में कैसे फुटवियर पहनने चाहिए, जिससे कपड़ों पर छींटे कम पड़ें और पैर भी सुरक्षित रहें।
बारिश में हमेशा ऐसे फुटवियर चुनें जिनका सोल थोड़ा मोटा हो और जो पीछे से बंद हों या जिनमें स्ट्रैप हो। मोटे सोल वाले फुटवियर जमीन से थोड़ी ऊंचाई देते हैं, जिससे चलते समय पानी और कीचड़ में पैर, स्लिपर की तुलना में, कम जाता है। वहीं, पीछे से सपोर्ट होने या बंद होने की वजह से कपड़ों पर छींटे भी कम पड़ते हैं। साथ ही अच्छी ग्रिप वाले और पानी निकलने वाले फुटवियर चुनें, ताकि फिसलने का खतरा कम रहे। अगर गलती से पानी अंदर चला भी जाए तो वह आसानी से बाहर निकल जाए।
बारिश के लिए क्रॉक्स, फ्लिप-फ्लॉप और स्लाइड्स अच्छे विकल्प हैं। ये जल्दी सूख जाते हैं और पानी से खराब भी नहीं होते। अगर आपको ज्यादा देर बाहर नहीं रहना है, तो ये आरामदायक विकल्प हैं। लेकिन ध्यान दें, बहुत ज्यादा कीचड़ या लंबी वॉक के लिए इनकी बजाय स्ट्रैप वाले फुटवियर बेहतर रहते हैं।
अगर आपको ऐसी जगह जाना पड़ता है, जहां ज्यादा पानी भरता है, तो वाटरप्रूफ रबर बूट्स आपके लिए बेहतर विकल्प हैं। ये पैरों को पानी और गंदगी से बचाते हैं। साथ ही कीचड़ वाले रास्तों पर भी पैर साफ रहते हैं और फिसलने का खतरा कम होता है। ऐसे में आप इन्हें खरीद सकते हैं।
अगर आप बारिश के लिए अलग से जूते या चप्पल नहीं खरीदना चाहते हैं, तो इन दिनों बाजार में जूतों और सैंडल को बारिश से बचाने वाले कवर भी मिलते हैं। आप इन्हें खरीद सकते हैं।
बारिश के मौसम में सूती मोजों की बजाय क्विक ड्राई या नमी सोखने वाले मोजे पहनें। इससे पैर लंबे समय तक गीले नहीं रहते, दुर्गंध और फंगल संक्रमण का खतरा भी कम होता है।
चमड़े (लेदर) के फुटवियर बारिश में पहनने से बचें, क्योंकि पानी से ये जल्दी खराब हो सकते हैं। साथ ही बहुत ऊंची और बिना बैलेंस वाली हील के फुटवियर बारिश में न पहनें। इसके अलावा ऐसे फुटवियर चुनें जिन्हें धोना और सुखाना आसान हो। ध्यान दें, इस्तेमाल के बाद फुटवियर को अच्छी तरह साफ करके सूखने दें, ताकि बदबू और फंगस ना लगें।
Updated on:
08 Jul 2026 01:22 pm
Published on:
08 Jul 2026 12:10 pm
