
ट्रैकिंग या रोड ट्रिप के लिए Travel Essentials (representative image) image credit gemini
Monsoon Road Trip Tips: मानसून आने के बाद से हरियाली से भरे पेड़-पौधों, ठंडी हवाओं और बारिश की बूंदों के बीच घूमने-फिरने का मजा ही अलग होता है। लेकिन अगर ट्रिप की सही तरीके से तैयारी न की जाए, तो यही सफर परेशानी का कारण भी बन सकता है। इसलिए मानसून में ट्रैकिंग या रोड ट्रिप पर जाने से पहले कौन-कौन सी चीजें साथ ले जानी चाहिए, आइए जानते हैं।
मानसून के दिनों में बारिश कभी भी हो जाती है। ऐसे में ट्रैवल करते समय या ट्रैकिंग पर जाने के लिए ऐसे कपड़े पैक करें, जो जल्दी सूख जाएं। इसके अलावा एक-दो जोड़ी अतिरिक्त इनरवियर और मोजे भी जरूर रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें बदल सकें।
ट्रैकिंग या रोड ट्रिप के दौरान मौसम कभी भी बदल सकता है। ऐसे में रेनकोट या बारिश का पोंचो, एक अच्छा छाता और हल्की विंडचीटर जैकेट साथ रखें। इसके अलवा अच्छी क्वालिटी का चश्मा और कैप भी साथ रखें। इससे बारिश का पानी सीधे आंखों में नहीं जाएगा और ट्रैकिंग या ड्राइविंग करना आसान होगा।
बारिश में फिसलन सबसे बड़ी परेशानी होती है। इसलिए अच्छी ग्रिप वाले ट्रैकिंग शूज या वाटरप्रूफ सैंडल पहनें। अगर सिर्फ घूमने-फिरने जा रहे हैं, तो क्विक ड्राई क्रॉक्स भी एक अच्छा विकल्प हैं।
यात्रा के दौरान पानी की बोतल, छोटा तौलिया, टैल्कम पाउडर, पावर बैंक, लंच बॉक्स, मग और चम्मच जैसी चीजें काफी काम आती हैं। इसके अलावा गीले कपड़ों को अलग रखने के लिए कुछ मोटे प्लास्टिक या जिप लॉक बैग भी साथ रखें। अगर कैंपिंग कर रहे हैं, तो हेड टॉर्च भी जरूर रखें, ताकि अंधेरे में आसानी से रास्ता दिखाई दे।
बारिश और नमी से मोबाइल, कैमरा और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स खराब हो सकते हैं। इन्हें हमेशा वाटरप्रूफ पाउच या प्लास्टिक कवर में रखें। अगर कैमरा साथ ले जा रहे हैं, तो उसे नमी से बचाने के लिए सिलिका जेल पैकेट भी बैग में रखें।
अगर आप कार से सफर कर रहे हैं, तो निकलने से पहले वाइपर, ब्रेक, टायर और हेडलाइट की जांच जरूर कर लें। बारिश के दौरान पानी भरी सड़कों पर तेज रफ्तार से गाड़ी न चलाएं और सामने चल रही गाड़ी से पर्याप्त दूरी बनाए रखें। अगर शीशों पर धुंध जमने लगे, तो कार का एसी या डीफॉगर इस्तेमाल करें, ताकि बाहर का रास्ता साफ दिखाई देता रहे। सड़क पर पानी ज्यादा भरा हो, तो पहले उसकी गहराई का अंदाजा लगाएं और फिर धीरे-धीरे ड्राइव करें।
ट्रिप पर जाते समय ओरिजिनल पहचान पत्र, एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, कार की आरसी, इंश्योरेंस और होटल बुकिंग की रसीद अच्छे प्लास्टिक पैक में रखें, ताकि ये भीगकर खराब न हों।
बारिश में लंबे समय तक गीले रहने से पैरों में फंगल इंफेक्शन या खुजली की समस्या हो सकती है। इसलिए दिनभर की ट्रैकिंग के बाद पैरों को अच्छी तरह सुखाएं और जरूरत हो तो टैल्कम पाउडर लगाएं। साथ ही टूथब्रश, टूथपेस्ट, साबुन, सैनिटाइजर और अन्य जरूरी टॉयलेट्रीज भी साथ रखें।
Updated on:
07 Jul 2026 04:14 pm
Published on:
07 Jul 2026 02:43 pm
