
Momos Recipe | image credit youtube @bharatzkitchenHINDI and chatgpt
Veg Momos Recipe: अगर आप घर पर मोमो बनाने का सोच रहे हैं, लेकिन समझ नहीं पा रहे कि इन्हें कैसे बनाएं, तो हमारी आज की स्टोरी आपके लिए है। आज के स्टोरी में हम शेफ रणबीर बरार और कुणाल कपूर द्वरा शेयर मोमो बनाने के जरूरी टिप्स शेयर कर रहे हैं। साथ ही बिना आटा गूंथे मोमो बनाने का आसान तरीका भी साझा करेंगे, जिन्हें फॉलो करके आप घर पर टेस्टी मोमो बना सकते हैं। आइए जानते हैं।
शेफ रणबीर बरार के अनुसार, मोमो का टेक्सचर अच्छा बनाने के लिए सबसे पहले आटा न ज्यादा सख्त रखें और न ही ज्यादा मुलायर गूंथे। आटा गूंथने के तुरंत बाद उसे पूरी तरह स्मूद करने की कोशिश न करें, बल्कि थोड़ा रफ रहने पर ही उसमें तेल डालें और उसे अच्छी तरह रेस्ट करने दें। रेस्ट करने से आटा अपने आप सॉफ्ट और स्मूद हो जाता है। अगर स्ट्रेची आटा चाहिए तो तेल आखिर में डालें, जबकि फ्लेकी टेक्सचर के लिए शुरुआत में तेल मिलाएं।
स्टफिंग तैयार करते समय पत्तागोभी, गाजर और पनीर में थोड़ा नमक मिलाकर कुछ देर छोड़ दें। इससे सब्जियों का एक्स्ट्रा पानी बाहर निकल जाता है और उनका स्वाद ज्यादा बेहतर हो जाता है। खासकर पत्तागोभी का अतिरिक्त पानी निकालना जरूरी है, ताकि स्टफिंग गीली न हो और उसमें अच्छा बाइट बना रहे। मोमो को शेप देते समय किनारों को अच्छी तरह सील करें, ताकि पकाते समय स्टफिंग बाहर न निकले।
वहीं, चिली मोमो बनाते समय पहले मोमो को पूरी तरह क्रिस्प न करें। उन्हें हल्का फ्राई करें और बाद में दूसरी बार फ्राई करें। डबल फ्राई करने से मोमो ज्यादा क्रिस्पी बनते हैं और सॉस में टॉस करने के बाद भी उनका क्रंच बना रहता है। इसके अलावा, चिली सॉस बनाते समय सोया सॉस को अच्छी तरह पकाना जरूरी है। अगर यह ठीक से नहीं पकेगा तो स्वाद अच्छा नहीं आएगा। वहीं, शिमला मिर्च का कुछ हिस्सा आखिर में डालें, ताकि उसका हल्का क्रंच बना रहे और डिश का टेक्सचर बेहतर लगे।
शेफ कुणाल कपूर के अनुसार, मोमो बनाते समय सबसे पहले आटा हमेशा गुनगुने पानी से गूंथें। इससे आटा सॉफ्ट और लचीला बनता है। आटा अच्छी तरह गूंथना भी जरूरी है, ताकि उसमें ग्लूटेन अच्छी तरह डेवलप हो जाए। इसके बाद आटे को कम से कम 20 मिनट तक रेस्ट जरूर दें।
स्टफिंग बनाते समय सब्जियों में काफी नमी होती है, इसलिए उन्हें हमेशा तेज आंच पर 3–4 मिनट तक ही पकाएं। ध्यान रखें कि ज्यादा देर पकाने से सब्जियां नरम हो जाती हैं और उनका क्रंच खत्म हो जाता है। स्टफिंग ठंडी होने पर उसमें पानी निकल सकता है, जिससे मोमो की बाहरी परत फटने का खतरा रहता है। इससे बचने के लिए थोड़ा कॉर्नस्टार्च मिलाना अच्छा तरीका है, क्योंकि यह अतिरिक्त नमी को बांध लेता है। इसके अलावा, स्टफिंग तैयार होने के बाद आखिर में थोड़ा-सा बटर मिलाएं। इससे मोमो का स्वाद और भी रिच हो जाता है।
मोमो बेलते समय उसकी बाहरी परत पतली रखें। पतली शीट से मोमो का टेक्सचर बेहतर बनता है और खाने में ज्यादा स्वाद आता है। अगर मोमो को अलग फ्लेवर देना चाहते हैं, तो शेप देने से पहले हल्का-सा बटर भी लगा सकते हैं। मोमो को 10 से 15 मिनट तक ही स्टीम करें। जरूरत से ज्यादा देर स्टीम करने पर उनकी बाहरी परत कमजोर होकर फट सकती है।
अगर आप आटा गूंथे बिना मोमो बनाने का सोच रहे हैं, तो सबसे पहले स्टफिंग में मौजूद पानी को खत्म करना जरूरी है। इसके लिए सब्जियों में नमक डालकर पानी निकालने की बजाय उन्हें तेज आंच पर 5–6 मिनट तक लगातार पकाएं, ताकि उनका एक्स्ट्रा पानी पूरी तरह खत्म हो जाए। अगर स्टफिंग में नमी रह गई, तो उसमें पनीर मिलाने से अच्छी बाइंडिंग मिलती है और टेक्सचर भी बेहतर हो जाता है। पनीर डालने के बाद उसे करीब 1 मिनट तक जरूर पकाएं, ताकि बाद में स्टीम करते समय वह ज्यादा न फूले और मोमो न फटें।
स्टफिंग तैयार होने के बाद उसे तुरंत इस्तेमाल न करें। पहले 10–15 मिनट के लिए फ्रिज में रखें, ताकि वह अच्छी तरह सेट हो जाए। इससे उसकी बॉल बनाना आसान हो जाता है और कोटिंग भी सही तरीके से होती है।
अगर गेहूं के आटे या मैदे से मोमो बना रहे हैं, तो बॉल को बारी-बारी से पानी और आटे में तीन-तीन बार कोट करें। ध्यान रखें कि आखिरी कोटिंग हमेशा आटे की होनी चाहिए। इससे बाहर की परत मजबूत बनती है और स्टीम करते समय टूटती नहीं।
इन मोमो को उबालने की गलती बिल्कुल न करें। इन्हें सिर्फ स्टीम करें। पहले 2 मिनट स्टीम करने के बाद हल्का-सा तेल स्प्रे करें, ताकि बाहरी परत सेट हो जाए और चिपके नहीं। इसके बाद सिर्फ 5–6 मिनट और स्टीम करें।
Updated on:
07 Jul 2026 01:40 pm
Published on:
07 Jul 2026 01:13 pm
