
चाय रेसिपी- image credit youtube/@sanjeevkapoorkhazana/@RanveerBrar/@KunalKapur
Masala Chai Recipe: अगर आपसे परफेक्ट चाय नहीं बनती, चाय कड़वी हो जाती है या आप कड़क खुशबू और स्वाद वाली चाय बनाना चाहते हैं, तो शेफ कुनाल कपूर ने इससे बचने के कुछ जरूरी टिप्स शेयर किए हैं। वहीं शेफ संजीव कपूर और शेफ रणवीर बरार ने भी अपनी पसंदीदा चाय की रेसिपी बताई है। आइए जानते हैं इन तीनों शेफ की चाय बनाने की रेसिपी और चाय को कड़वा होने से बचाने के टिप्स।
शेफ कुनाल कपूर के मुताबिक मसाला चाय बनाते समय मसालों का सही बैलेंस होना बहुत जरूरी है, नहीं तो चाय कड़वी हो सकती है। इसके लिए इलायची, लौंग, काली मिर्च, दालचीनी, जायफल और सौंफ को हल्का टोस्ट कर मसाला तैयार करें। इसके बाद चाय बनाने के समय सबसे पहले पानी, चायपत्ती और चीनी उबालें, लेकिन मसाला आखिर में डालें। क्योंकि मसाले को ज्यादा देर तक उबालने से चाय कड़वी हो जाती है।
इसी तरह चायपत्ती को भी जरूरत से ज्यादा उबालने पर चाय का स्वाद बिगड़ जाता है। इसके साथ ही अगर चीनी की जगह गुड़ आपको चाय में डालना हो, तो उसे चाय छानने के बाद मिलाएं, क्योंकि उबलते दूध में गुड़ डालने से दूध फट सकता है।
शेफ रणवीर बरार ने अपने पिता ईश्वर सिंह द्वारा रोजाना बनाई जाने वाली मसाला चाय की रेसिपी शेयर करते हुए बताया कि सबसे पहले करीब 2 से 2½ कप पानी उबाल लें। पानी में कुटी हुई अदरक डालें और इसे 2-3 मिनट तक अच्छी तरह उबलने दें। इसके बाद इसमें चायपत्ती और स्वादानुसार चीनी डालकर कुछ मिनट और पकाएं।
जब चाय अच्छी तरह उबल जाए, तब इसमें दूध मिलाएं और एक बार फिर उबाल आने तक पकने दें। आखिर में चाय को छानकर कप में सर्व करें।
शेफ संजीव कपूर की मसाला चाय बनाने के लिए सबसे पहले इलायची, दालचीनी, काली मिर्च और थोड़ी सी सौंफ को दरदरा कूट लें। इसके बाद अदरक को भी कूटकर तैयार कर लें। अब एक पैन में करीब 1½ कप पानी उबालें और उसमें चायपत्ती, तैयार मसाला और कुटी हुई अदरक डालकर 1-2 मिनट तक पकाएं। इसके बाद दूध और चीनी डालकर अच्छी तरह मिलाएं। जब चीनी पूरी तरह घुल जाए, तब चाय को छानकर कप या गिलास में निकाल लें।
Updated on:
28 Jun 2026 05:15 pm
Published on:
29 Jun 2026 09:00 am
बड़ी खबरें
View Allलाइफस्टाइल
ट्रेंडिंग
स्वास्थ्य
