
monsoon में जूते सुखाने के लिए टिप्स| (representative image) image credit chatgpt and Youtube /@hauls-and-home
Rainy Season Shoe Care Tips: बारिश के मौसम में बाहर जाने पर सड़क पर भरे पानी या अचानक बारिश होने से जूते या सैंडल भीग जाते हैं। इन्हें समय पर न सुखाया जाए, तो इनमें बदबू आने के साथ फंगस और इंफेक्शन का खतरा भी बढ़ सकता है। इसलिए इन्हें सही तरीके से सुखाना जरूरी होता है। हम बारिश में भीगे जूतों और सैंडल को सुखाने के चार आसान तरीके बता रहे हैं। इन्हें अपनाकर आप अपने जूतों को जल्दी सुखाने के साथ-साथ बदबू और खराब होने से भी बचा सकते हैं।
अगर घर में कपड़े सुखाने की रस्सी लगी है, तो एक मजबूत पॉलीबैग को उल्टा करके कपड़े सुखाने वाली क्लिप की मदद से रस्सी पर टांग दें। अब पॉलीबैग के दोनों हैंडल में जूतों को उल्टा लटका दें। इससे जूतों में भरा पानी आसानी से नीचे निकल जाएगा और जूते सामान्य तरीके से रखने की तुलना में जल्दी सूखने लगेंगे।
अगर आप ऐसी जगह हैं, जहां जूतों को टांगने या सुखाने की सुविधा नहीं है, तो पुराने अखबार का इस्तेमाल करें। सबसे पहले जूतों के अंदर अखबार को अच्छी तरह भर दें। इसके बाद जूतों को बाहर से भी अखबार में लपेट दें और कुछ घंटों के लिए छोड़ दें। अखबार जूतों की नमी और पानी को सोख लेता है, जिससे वे जल्दी सूख जाते हैं। अगर अखबार ज्यादा गीला हो जाए, तो उसे बदलकर नया अखबार लगा दें।
अगर आपके जूते धोने के बाद जल्दी सुखाने हैं और उनके लेबल पर ड्रायर में सुखाना सुरक्षित बताया गया है, तो उन्हें एक बड़े कपड़े या तौलिये में अच्छी तरह लपेटकर बांध दें, ताकि वे खुलें नहीं। इसके बाद उन्हें वॉशिंग मशीन के ड्रायर में 10 से 20 मिनट तक चलाएं। इससे जूते जल्दी सूख जाएंगे। ध्यान रखें कि चमड़े वाले या नाजुक जूतों को ड्रायर में न रखें, क्योंकि इससे वे खराब हो सकते हैं।
अगर आपके पास वॉशिंग मशीन नहीं है, तो आप बालों को सुखाने वाले हेयर ड्रायर का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि इसका इस्तेमाल सिर्फ ऐसे जूतों पर करें, जो गर्म हवा से खराब न होते हों। साथ ही, हेयर ड्रायर को बहुत ज्यादा देर तक एक ही जगह पर न रखें, ताकि जूतों को नुकसान न पहुंचे।
Updated on:
07 Jul 2026 02:37 pm
Published on:
07 Jul 2026 01:30 pm
