
Feet Care Tips (representative image) image credit chatgpt
Foot Odor Home Remedies: मानसून के दिनों में बारिश में भीगने या उमस की वजह से ज्यादा पसीना आने पर कई लोगों के पैरों से बदबू आने की समस्या बढ़ जाती है। इसके अलावा लंबे समय तक जूते पहनने, पैरों में ज्यादा पसीना आने या उनकी सही तरीके से सफाई न करने की वजह से भी यह परेशानी हो सकती है। ऐसे में अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो आइए जानते हैं कि पैरों की बदबू से राहत पाने के लिए क्या करना चाहिए और किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
पैरों से आने वाली बदबू को कम करने के लिए गुनगुने पानी में नमक और सिरका मिलाकर उसमें पैरों को 20 से 30 मिनट तक भिगोकर रखें। इससे बैक्टीरिया कम होने में मदद मिलती है, जिससे बदबू की समस्या भी कम हो सकती है। साथ ही यह उपाय पैरों को आराम पहुंचाने और थकान कम करने में भी मदद मिलती है।
अगर आपके पैरों से ज्यादा बदबू आती है, तो रोज लंबे समय तक एक ही जूते पहनने से बचें। एक ही जोड़ी जूते लगातार पहनने की बजाय उन्हें बदल-बदलकर इस्तेमाल करें। जूते उतारने के बाद उन्हें कम से कम 24 घंटे हवा या धूप में रखें, ताकि उनमें मौजूद नमी सूख जाए। इसके अलावा जूतों के अंदर थोड़ा बेकिंग सोडा या इस्तेमाल किए हुए टी बैग भी रख सकते हैं, क्योंकि ये नमी सोखने में मददगार होने के साथ ही बदबू कम करने में सहायक हो सकते हैं।
नहाने के बाद पैरों को अच्छी तरह सुखा लें। इसके बाद पैरों पर हल्के हाथ से फिटकरी रगड़ सकते हैं। आप चाहें तो लैवेंडर ऑयल या टी ट्री ऑयल भी लगा सकते हैं। मोजे पहनने से पहले एंटीफंगल पाउडर का इस्तेमाल करें। साथ ही पैरों को हमेशा साफ और सूखा रखें, ताकि बैक्टीरिया और फंगस न पनपें और बदबू की समस्या कम हो सके।
पैरों की बदबू से बचने के लिए उन्हें हमेशा साफ और सूखा रखें। इसके साथ ही सही फुट केयर, अच्छी हाइजीन और नियमित देखभाल की आदत अपनाएं। ऐसा करने से पैरों से बदबू आने की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है।
कुछ लोगों को पैरों में ज्यादा पसीना आता है। ऐसे में लंबे समय तक जूते पहनने की वजह से पैरों को पर्याप्त हवा नहीं मिल पाती, जिससे उनमें नमी बनी रहती है। इस नमी में बैक्टीरिया और फंगस तेजी से पनपने लगते हैं, जिसके कारण पैरों से बदबू आने लगती है।
नोट: अगर आपके पैरों से लगातार बदबू आती रहती है और घरेलू उपाय अपनाने के बाद भी कोई राहत नहीं मिलती, तो यह किसी संक्रमण या अन्य स्वास्थ्य समस्या का संकेत हो सकता है। ऐसे में त्वचा रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना बेहतर रहेगा।
Updated on:
18 Jul 2026 11:56 am
Published on:
18 Jul 2026 11:55 am
