Live

मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद आज मंगलवार को बजट सत्र के दूसरे दिन की शुरुआत हो गई है। बजट सत्र का आज दूसरा दिन बेहद महत्वपूर्ण है। आज आर्थिक सर्वेक्षण और द्वितीय अनुपूरक बजट पटल पर रख दिया गया है। राज्यपाल मंगुभाई पटेल के अभिभाषण पर चर्चा भी हुई है। सत्र के दौरान विपक्ष घोटालों और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरा है।
2025-03-11 04:03:43 pm
बजट सत्र के दूसरे दिन अबतक कई अलग-अलग मुद्दों पर विपक्ष ने सदन में सरकार को घेरा। साथ ही, राज्यपाल मंगूभाई पटेल के अभिभाषण पर भी चर्चा हुई। वहीं, विधानसभा में आर्थिक सर्वेक्षण रिपोर्ट भी सरकार द्वारा पेश की गई है। साल 2024-25 में GSDP में 11.05 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। साल 2023-24 में CSDP 13,53,809 करोड़ रुपए थी जो 2024-25 में प्रचलित भावों पर 15,03,395 रुपए हो गई है।
2025-03-11 03:48:17 pm
सागर से भाजपा विधायक शैलेंद्र जैन ने कहा कि मध्य प्रदेश, बेरोजगारी के मामले में सबसे कम है। यहां सबसे कम बेरोजगारी है। इस पर रीवा के सेमरिया विधायक अजय मिश्रा ने कहा कि बेरोजगारी के बारे में तो झूठ मत बोलिए। कांग्रेस के दूसरे विधायकों ने भी इस मामले को लेकर आवाज उठाई।
2025-03-11 03:15:27 pm
सत्र के दौरान कांग्रेस द्वारा अलग-अलग मामलों पर किए जा रहे विरोध को लेकर मंत्री विश्वास सारंग ने निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, कांग्रेस मीडिया में छपने और फोटो अपॉर्चुनिटी के लिए विधानसभा का दुरुपयोग कर रही है। ऐसा करना ठीक नहीं है। कांग्रेस को विधानसभा में चर्चा में शामिल होना चाहिए। कांग्रेस नेता केवल पेपर में छपने के लिए विरोध कर रहे हैं।
2025-03-11 03:08:41 pm
राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान मध्य प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी का मुद्दा भी सामने आया। इस मुद्दे को विधायक जयवर्धन सिंह ने उठाया। विधायक जयवर्धन सिंह ने कहा कि, राज्य के स्कूलों में सात हजार शिक्षकों की कमी है।
2025-03-11 03:05:50 pm
विधायक कंचन तन्वे, सोहनलाल बाल्मिक और प्रदीप लारिया ने खेलों को लेकर सवाल किया। इस पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि, पंचायत-नगरीय क्षेत्रों में आयोजित खेल गतिविधियों में समन्वय किया जाएगा। इसके आधार पर एक साथ खेल प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। स्टेडियम रखरखाव को लेकर बजट की व्यवस्था कराई जा रही है।
2025-03-11 02:27:04 pm
हरदा विधायक आरके दोगने ने टोकरी में सांप लेकर आने का कारण बताते हुए कहा कि सरकार नौकरियों पर सांप की तरह कुंडली मारकर बैठी है। लाखों पद खाली हैं और युवा बेरोजगारी से परेशान हैं, लेकिन सरकार उन्हें रोजगार देने में नाकाम रही है।
2025-03-11 02:19:22 pm
झाबुआ, बडवानी, खरगोन, अलीराजपुर, धार और झाबुआ में पैसा कानून लागू करने के लिए ग्राम सभाओं के गठन की जानकारी मांगी गई।इस पर पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने जवाब दिया। उन्होंने अलग-अलग जिलों में गठित ग्रामसभाओं की संख्या बताई। इसके अलावा सैलाना और बाजना विकासखंड की योजनाओं के कामों में देरी पर भी सवाल उठाया गया। इस पर मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि मेरे द्वारा अगर गलत जानकारी दी गई है तो मेरे खिलाफ विशेषाधिकार हनन का प्रस्ताव लाया जाए।
2025-03-11 12:53:55 pm

राज्यपाल के अभिभाषण पर कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों पर मंत्री विश्वास सारंग का बयान सामने आया। उन्होंने कहा कि, अभिभाषण आने से पहले ही उस पर टिप्पणी करना कांग्रेस की आदत है। कांग्रेस के नेता अपनी कुर्सी बचाने के लिए कुछ तो बोलेंगे ही। इसीलिए अनर्गल आरोप लगा रहे हैं। कांग्रेस का एक विधायक बता दें कि उन्होंने अभिभाषण को पूरा सुना या पढ़ा है। हमारी सरकार विकास और कल्याण मूलक सरकार है। डबल इंजन की सरकार की जो परिभाषा है उसको प्रतिपादित करते हुए हमारी सरकार प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है। GYAN (गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी) के तहत हर वर्ग का कल्याण हमारी प्राथमिकता है। राज्यपाल के अभिभाषण से सरकार की विकास और कल्याण की जो पॉलिसी है, वो परिलक्षित हुई है।
2025-03-11 12:47:45 pm

वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा बुधवार को मध्य प्रदेश सरकार का दूसरा पूर्ण बजट पेश करने वाले हैं। नुमान जताया जा रहा है कि ये बजट 4.25 लाख करोड़ रुपए का होगा। इसे अबतक का सबसे बड़ा बजट माना जा रहा है। इस बजट को 25 लोगों की टीम ने करीब तीन माह की तैयारी के तहत तैयार किया है। ये भी बता दें कि, ये वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा का 7वां बजट है।
2025-03-11 12:45:33 pm
मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन आज आर्थिक सर्वेक्षण और द्वितीय अनुपूरक बजट पटल पर रखा जाएगा। इसके बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा होगी। सदन में अलग-अलग विभागों के प्रशासकीय प्रतिवेदन भी पेश किए जाएंगे। सत्र की शुरुआत सुबह 11 बजे प्रश्नकाल के साथ हो चुकी है।
2025-03-11 12:40:02 pm

बजट सत्र का दूसरा दिन भी हंगामेदार होने जा रहा है। इसी कड़ी में सिवनी की केवलारी विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक रजनीश सिंह अनोखे ढंग से विरोध प्रदर्शन करते हुए विधानसभा पहुंचे। विधायक रजनीश सिंह सिर पर गेहूं की बाली रखकर विधानसभा में पहुंचे, लेकिन विधानसभा मार्शल ने उन्हें गेहूं की बालियां लेकर सदन में प्रवेश करने की अनुमति नहीं दी।
2025-03-11 11:50:32 am

भोपाल आज मंगलवार सुबह बजट सत्र शुरू होने से पहले कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार विधायक दल के साथ गांधी प्रतिमा पर टोकरी लेकर पहुंचे। इन टोकरियों में नकली सांप रखे थे, जिसे दिखाते हुए विपक्ष ने भाजपा सरकार देश को डंसने का आरोप लगाया।