
दिव्या मित्तल (फाइल फोटो)
Divya Mittal IAS Resignation: यूपी कैडर की चर्चित IAS अधिकारी दिव्या मित्तल के 13 साल की सेवा के बाद दिए गए इस्तीफे ने उत्तर प्रदेश की सियासत में हलचल मचा दी है। उनके इस्तीफे के बाद से ही उनके राजनीति में आने और चुनाव लड़ने के कयास तेज हो गए हैं। इस बीच यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने दिव्या मित्तल की जमकर तारीफ की है और चुनाव लड़ने की स्थिति में उन्हें कांग्रेस की तरफ से टिकट देने पर विचार करने की बड़ी बात कह दी है।
प्रयागराज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान जब अजय राय से पूछा गया कि क्या दिव्या मित्तल के चुनाव लड़ने पर कांग्रेस उन्हें टिकट देगी? इस पर उन्होंने बड़ा बयान देते हुए कहा कि जो भी व्यक्ति समाज में अच्छा काम करना चाहता है और चुनाव लड़ना चाहेगा पार्टी निश्चित तौर पर उस पर विचार करेगी। दिव्या मित्तल की राहुल गांधी से मुलाकात की अटकलों पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की पुख्ता जानकारी नहीं है लेकिन देश में जो भी अधिकारी अच्छा काम कर रहे हैं वे राहुल गांधी से जुड़ रहे हैं।
इससे पहले अजय राय ने दिव्या मित्तल के इस्तीफे को लेकर यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को पत्र लिखकर अधिकारियों के सम्मान और उनके स्वतंत्र रूप से काम करने की रक्षा करने की मांग की थी। अजय राय ने दिव्या मित्तल को एक बेहद ईमानदार अधिकारी बताया। उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद से अब तक 13 IAS और 7 IPS अधिकारी इस्तीफा दे चुके हैं या VRS ले चुके हैं जो उत्तर प्रदेश के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है।
दिव्या मित्तल ने करीब 13 साल की प्रशासनिक सेवा के बाद इस्तीफा दिया है। गौरतलब है कि इस्तीफे के बाद दिव्या मित्तल ने सोशल मीडिया पर अपनी 13 साल की यात्रा को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखी थी। उन्होंने बताया था कि IIT दिल्ली और IIM बेंगलुरु से पढ़ाई करने के बाद उन्हें लंदन में शानदार नौकरी मिली थी। लेकिन देश के लिए कुछ करने की चाहत में वह भारत लौटीं और IAS बनीं। दिव्या मित्तल ने कहा कि भले ही आज पद छूट गया है लेकिन देश की मिट्टी से मिला सपना और वह स्पर्श कभी नहीं छूटेगा। उन्होंने अपने इस्तीफे के पीछे अपनी प्राथमिकताओं, रुचियों और परिवार को ध्यान में रखने की बात कही है।
Updated on:
02 Sept 2026 02:51 pm
Published on:
02 Sept 2026 02:51 pm
