रविवार को योगी सरकार की ग्राउंड सेरेमनी में अमर सिंह की दमदार मौजूदगी दिखी। जैसे ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमर सिंह का नाम लिया, सबकी नजर उनकी ओर ही घूम गईं। कैमरों के फ्लैश भी उधर ही चमकने लगे। अमर सिंह मुस्करा उठे। पीएम मोदी ने कम शब्दों ही अमर सिंह के बारे में बहुत कुछ कह दिया। प्रधानमंत्री ने मुस्कराते हुए कहा कि अमर सिंह बैठे हैं। सबकी हिस्ट्री निकाल देंगे। भगवा कुर्ता पहने अमर सिंह फिल्म निर्माता बोनी कपूर के साथ हॉल में दाखिल हुए। इतना ही नहीं उनके बैठने के लिये जो सीट नियत थी, वह बीजेपी के कई नेताओं से आगे थी ।राजनीतिक जानकारों का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यों सार्वजनिक मंच से अमर सिंह को अहमियत देना कुछ और ही कहानी बयां कर रहा है। साफ है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा चुनाव प्रचार में अमर सिंह के जरिये कई विपक्षी दलों पर निशाना साधेंगे। अमर सिंह कई नेताओं-उद्योगपतियों और फिल्मी सितारों के बेहद राजदार माने जाते हैं। वह बेबाक बयानबाजी के लिये भी खासे मशहूर हैं। ऐसे में अगर अमर सिंह की जुबान कई लोगों के लिये मुसीबत का सबब बन सकती है।