लखनऊ. राष्ट्रपति चुनाव के लिए यूपी विधानसभा में वोटिंग लगभग पूरी हो चुकी है। कई विधायक और सांसद अपना वोट डालकर काफी खुश नजर आए। वहीं, इस चुनाव में क्रॉस वोटिंग को लेकर कई तरह की चर्चाएं थीं। समाजवादी पार्टी में सबसे ज्यादा क्रॉस वोटिंग की चर्चा है।
पार्टी के वरिष्ठ नेता व प्रदेश के पूर्व मंत्री शिवपाल यादव ने तो खुले तौर पर ऐलान किया कि वे एनडीए के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद को वोट देगे, लेकिन, इसमें क्या सच्चाई है यह तो शिवपाल ही जानें। वहीं, शिवपाल यादव के इस बयान पर सपा के कद्दावर नेता आजम खान ने बड़ा बयान देकर शिवपाल के बयान को झटका दिया है। इससे राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं कि क्या शिवपाल ने भी यूपीए उम्मीदवार मीरा कुमार को वोट दिया है। हालांकि, शिवपाल यादव ने कहा कि उन्होंने कोविंद को ही वोट दिया है।
सोमवार को शिवपाल के बयान पर सपा के कद्दावर नेता आजम खान ने सफाई देते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी में किसी भी प्रकार का कोई बिगराव या टकराव नहीं है। यूपीए उम्मीदवार मीरा कुमार को जीतने के लिए पूरा विपक्ष एक है। समाजवादी पार्टी का समर्थन इस चुनाव में मीरा कुमार के साथ ही है। रामपुर से सपा विधायक आजम खान ने कहा कि जीत-हर चाहे किसी की भी हो, लेकिन असल में जीत तो उसूलों की ही होगी। सपा के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव के रामनाथ कोविंद को समर्थन देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि शिवपाल यादव ने भी मीरा कुमार को ही वोट दिया है।
अखिलेश यादव समेत योगी के कई मंत्री भी नहीं दे सकेंगे वोट
मीरा कुमार ने पिछले दिनों लखनऊ में सपा-बसपा से अपने लिए वोट मांगा था, लेकिन यहां सबसे बड़ी बात यह है कि सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ही मीरा कुमार को वोट नहीं दे सके। अखिलेश मीरा कुमार को भले ही सपा विधायकों का वोट दिलाने के लिए कमर कसे हुए हैं, लेकिन सच्चाई यह है कि अखिलेश यादव ही मीरा कुमार को वोट नहीं देंगे।
बतादें कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य हैं यानी एमएलसी हैं और वहीं उप मुख्यमंत्री डाक्टर दिनेश शर्मा, योगी सरकार में परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, मंत्री मोहसिन रजा भी राष्ट्रपति चुनाव में वोट नहीं दे सके। क्यों कि ये मंत्री अभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। अगर ये एमएलसी यानी विधानपरिषद के लिए चुने जाते तो भी राष्ट्रपति चुनाव में वोट नहीं दे सकते थे।