
cm yogi
लखनऊ. लोकसभा चुनाव के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी पूरे दमखम के साथ मैदान में उतर रही है। पार्टी के दिग्गजों को यूपी में नई-नऊ जिम्मेदारी दी जा रही। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को यूपी चुनाव प्रभारी बनाने के बाद भाजपा आलाकामन ने अन्य प्रदेशों के वर्तमान व पूर्व मुख्यंत्रियों को भी अब उत्तर प्रदेश का रुख करने के लिए कह दिया है। मध्य प्रदेश चुनाव में सीएम की कुर्सी गवां चुके शिवराज सिंह चौहान को भाजपा का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष का पद तो मिला ही है, अब उन्हें लोकसभा चुनाव से पहले यूपी में अहम जिम्मेदारी दी गई है। वहीं छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह को भी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है।
यह होगी जिम्मेदारी-
भाजपा द्वारा तैयार की गई रणनीति के तहत शिवराज सिंह चौहान को हरदोई और अयोध्या समेत आस-पास के लोकसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं रमन सिंह को यादवों के गढ़ माने जाने वाले जिले इटावा, कन्नौज व फर्रुखाबाद सौंपे गए हैं। इन दोनों की ही जिम्मेदारी इन लोकसभा क्षेत्रों के जिलाध्यक्षों और सांसदों की सेक्टर प्रभारियों और सेक्टर संयोजकों के साथ बैठक कर पार्टी कार्यक्रमों को सफल बनाना होगा। 5 फ़रवरी को शिवराज सिंह की मौजूदगी में अयोध्या क्षेत्र के बाराबंकी में बैठक होगी, वहीं गोंडा सेक्टर के गोंडा, श्रावस्ती, बहराइच और कैसरगंज की बैठक श्रावस्ती में प्रस्तावित हैं।
यह मुख्यमंत्री भी आएंगे यूपी-
उत्तराखंड सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत और हरियाणा मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को भी यूपी में पार्टी की तैयारियों का जायजा लेने के निर्देश दे दिए गए हैं। रविवार को ही केंद्रीय मंत्री और यूपी चुनाव प्रभारी जेपी नड्डा ने उन्नाव में सेक्टर संयोजक बैठक में लखनऊ, मोहनलालगंज, रायबरेली व उन्नाव के पदाधिकारी, सांसद व कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी।
Published on:
28 Jan 2019 04:59 pm
