
शीर्ष स्थानों पर रहे जौनपुर, मऊ, चंदौली, प्रयागराज, बाराबंकी और लखीमपुर खीरी के छात्र फोटो सोर्स : Social Media
UP Polytechnic Result News: उत्तर प्रदेश प्राविधिक शिक्षा परिषद ने वर्ष 2025 की सम सेमेस्टर, वार्षिक और विशेष बैक पेपर परीक्षाओं का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा परिणामों की घोषणा प्रदेश के अपर मुख्य सचिव एवं परिषद के अध्यक्ष नरेन्द्र भूषण ने 14 जुलाई को की। इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एवं प्राविधिक शिक्षा मंत्री के निर्देशों के अनुपालन में परिषद द्वारा जून 2025 में निर्धारित कार्यक्रमानुसार प्रदेशभर में 14 मई से 21 जून 2025 तक परीक्षाएं आयोजित की गईं। यह परीक्षाएं सम सेमेस्टर, वार्षिक तथा विशेष बैक पेपर श्रेणियों में विभाजित थी और पूरे प्रदेश में कुल 203 परीक्षा केंद्रों पर संपन्न हुईं।
इस बार उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन डिजिटल प्रणाली के माध्यम से किया गया। इसके लिए प्रदेश के 152 राजकीय एवं अनुदानित पॉलिटेक्निक संस्थानों को केंद्र बनाया गया। मूल्यांकन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से अत्याधुनिक डिजिटल तकनीकों का उपयोग किया गया।
घोषित परिणामों के अनुसार, सम सेमेस्टर परीक्षा में 62.46% छात्र सफल घोषित किए गए, जबकि वार्षिक परीक्षा में कुल 52.63% छात्र-छात्राएं उत्तीर्ण हुए। यह प्रदर्शन पिछले वर्षों की तुलना में स्थिरता और सुधार का संकेत देता है।
इन विद्यार्थियों को परिषद की परीक्षा समिति द्वारा मेडल व पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किए जाने का निर्णय लिया गया है।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए परिषद ने कड़े कदम उठाए। परीक्षा के दौरान 220 छात्रों को अनुचित साधनों के प्रयोग के आरोप में चिन्हित किया गया, जिनके परिणाम फिलहाल रोक दिए गए हैं। इसके अलावा, उत्तर पुस्तिकाओं में मोबाइल नंबर, व्यक्तिगत विवरण अथवा अनुचित टिप्पणी लिखने वाले 2,533 छात्रों को उस विषय में शून्य अंक प्रदान किए गए हैं। यह निर्णय परीक्षाओं की गरिमा बनाए रखने के उद्देश्य से लिया गया।
छात्र अपना परीक्षा परिणाम परिषद की आधिकारिक वेबसाइट www.bteup.ac.in पर जाकर देख सकते हैं। परिणाम देखने के लिए रोल नंबर और जन्मतिथि की आवश्यकता होगी। इसके अतिरिक्त, परिषद द्वारा मोबाइल नंबर पर भी सूचना भेजी जा रही है।
परिणाम घोषित करने से पहले परीक्षा समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें प्राविधिक शिक्षा निदेशक अजीज अहमद एवं शोध, विकास एवं प्रशिक्षण संस्थान, कानपुर के निदेशक एफ.आर. खान सदस्य के रूप में उपस्थित रहे। बैठक में परीक्षाफल की समीक्षा, मूल्यांकन प्रक्रिया की गुणवत्ता और छात्रों की प्रदर्शन प्रवृत्तियों पर गहन चर्चा की गई।
परीक्षा परिणामों को लेकर परिषद ने कहा है कि यह छात्रों की मेहनत और संस्थानों के प्रयासों का प्रतिबिंब है। जिन्होंने सफलता प्राप्त की है, उन्हें अगली कक्षा में जाने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी। वहीं, जो असफल हुए हैं, उनके लिए बैक पेपर या पुनर्परीक्षा की व्यवस्था भी नियमानुसार की जाएगी।
Updated on:
15 Jul 2025 07:15 am
Published on:
15 Jul 2025 07:15 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
