
दोस्त की पिस्टल से चली गोली ने ली मासूम उनैज की जान, आरोपी किशोर बाल सुधार गृह भेजा गया (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)
UP Crime News: लखनऊ के कृष्णानगर इलाके में सातवीं कक्षा के छात्र की गोली लगने से हुई मौत ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। दो दिन पहले हुई इस दर्दनाक घटना में मासूम मो. उनैज की जान चली गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि गोली उसके ही एक दोस्त से गलती से चल गई थी, जो अपने पिता की पिस्टल चेक कर रहा था। पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लेकर बुधवार को बाल सुधार गृह भेज दिया है।
घटना के बाद इलाके में गहरा आक्रोश देखने को मिला। मृतक छात्र के परिजनों और स्थानीय लोगों ने न्याय की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन पर सख्त कार्रवाई का दबाव बनाया। वहीं कांग्रेस नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल भी पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचा और हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार कृष्ण नगर क्षेत्र में रहने वाला मो. उनैज सातवीं कक्षा का छात्र था और पढ़ाई के साथ-साथ अपने दोस्तों के साथ समय बिताया करता था। घटना वाले दिन वह अपने एक दोस्त के साथ था। बताया जा रहा है कि उसी दौरान दोस्त ने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल निकालकर उसे देखने लगा।
किशोर ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह पिस्टल को चेक कर रहा था। इसी दौरान अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। गोली सीधे उनैज को लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के तुरंत बाद वहां मौजूद लोग घबरा गए। घायल हालत में उनैज को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस खबर के फैलते ही इलाके में शोक और आक्रोश की लहर दौड़ गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी किशोर को हिरासत में लिया और उससे पूछताछ की। पूछताछ में किशोर ने बताया कि उसने जानबूझकर गोली नहीं चलाई थी, बल्कि वह पिस्टल को देख रहा था और गलती से ट्रिगर दब गया। पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई कि किशोर अपने पिता की रिवाल्वर को गाड़ी से लेकर आ रहा था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हथियार को कब्जे में लेकर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि नाबालिग के हाथों तक हथियार कैसे पहुंचा।
पूछताछ और शुरुआती जांच के बाद पुलिस ने आरोपी किशोर को बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे बाल सुधार गृह भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह भी जांच की जा रही है कि पिस्टल लाइसेंसी थी या नहीं और सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
घटना के बाद कांग्रेस पार्टी के कई नेता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल में अनस रहमान, सदफ जाफर, मोहम्मद आरिफ, फैजी जैदी, माजिद और डॉ. इमरान समेत अन्य लोग शामिल थे। नेताओं ने परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और कहा कि पार्टी इस दुख की घड़ी में उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि मासूम बच्चे की मौत बेहद दुखद और दर्दनाक है और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। नेताओं ने यह भी कहा कि अगर जांच में किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और न्याय के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं का प्रतिनिधिमंडल कृष्ण नगर कोतवाली भी पहुंचा, जहां उन्होंने थाना प्रभारी (SHO) से मुलाकात की। SHO ने उन्हें जानकारी दी कि मुख्य आरोपी किशोर को बाल सुधार गृह भेज दिया गया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस ने आश्वासन दिया कि जांच निष्पक्ष तरीके से की जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मासूम उनैज की मौत से पूरे इलाके में गहरा दुख और आक्रोश है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पड़ोसियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी कम उम्र में बच्चे की मौत बेहद दर्दनाक है। स्थानीय लोगों ने कहा कि बच्चों की पहुंच से हथियारों को दूर रखना बेहद जरूरी है। इस तरह की लापरवाही से बड़ी दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
इस घटना के बाद एक बार फिर घरों में रखे हथियारों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि लाइसेंसी हथियार रखने वाले लोगों को बेहद सावधानी बरतनी चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि हथियार बच्चों की पहुंच से दूर रहें। अगर हथियारों की सुरक्षा में लापरवाही बरती जाती है तो ऐसे हादसे हो सकते हैं, जिनका खामियाजा निर्दोष लोगों को भुगतना पड़ता है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू की जांच की जा रही है। आरोपी किशोर के बयान, घटनास्थल से मिले सबूत और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने यह भी कहा कि हथियार के लाइसेंस और सुरक्षा नियमों की भी जांच की जा रही है। अगर किसी प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सातवीं कक्षा के छात्र उनैज की मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार के लोग बार-बार यही कह रहे हैं कि उनका बच्चा बेहद होनहार और शांत स्वभाव का था। इलाके के लोगों का कहना है कि होली के त्योहार के आसपास हुई इस घटना ने खुशियों के माहौल को मातम में बदल दिया। हर कोई इस घटना से स्तब्ध है और मासूम के लिए न्याय की मांग कर रहा है।
संबंधित विषय:
Published on:
05 Mar 2026 01:16 pm
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
