11 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

CM Yogi Review Meeting: त्योहारों और SI भर्ती परीक्षा से पहले अलर्ट मोड में यूपी सरकार, सीएम योगी के सख्त निर्देश

CM Yogi Reviews Law and Order: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आगामी पर्व-त्योहारों और SI भर्ती परीक्षा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर कार्रवाई होगी।

4 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Ritesh Singh

Mar 11, 2026

सीएम योगी के सख्त कानून-व्यवस्था निर्देश (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

सीएम योगी के सख्त कानून-व्यवस्था निर्देश (फोटो सोर्स : भाषा WhatsApp News Group)

CM Yogi Reviews Law and Order Ahead of Festivals: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी पर्व-त्योहारों की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित इस बैठक में प्रदेश के सभी जिलों के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में होने वाले सभी त्योहार और बड़े आयोजन शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न होने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समाज-विरोधी गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाए और किसी भी प्रकार की नई परंपरा या विवादित गतिविधि को अनुमति न दी जाए। उन्होंने कहा कि जो भी व्यक्ति शांति व्यवस्था से खिलवाड़ करने की कोशिश करेगा, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

पर्व-त्योहारों को लेकर विशेष सतर्कता

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने आगामी दिनों में पड़ने वाले विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान भीड़ भाड़ वाले स्थानों, बाजारों और धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जाए। साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नई परंपराओं को अनुमति नहीं

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी त्योहार या आयोजन के दौरान नई परंपराओं को किसी भी स्थिति में अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि कहीं इस तरह की कोशिश होती है तो तुरंत कार्रवाई की जाए और स्थिति को नियंत्रण में रखा जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि स्थानीय प्रशासन को पहले से ही संभावित संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर वहां सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना चाहिए।

समाज-विरोधी तत्वों पर नजर

बैठक में मुख्यमंत्री ने समाज-विरोधी तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग जो अफवाह फैलाने, माहौल खराब करने या सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करते हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मुख्यमंत्री ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे लोगों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए।

SI भर्ती परीक्षा को लेकर विशेष तैयारी

बैठक में 14 और 15 मार्च को होने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड की सब-इंस्पेक्टर (SI) भर्ती परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। इस परीक्षा में करीब 15 लाख 75 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है, जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षा का आयोजन पूरी पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ होना चाहिए।

परीक्षा की गोपनीयता से कोई समझौता नहीं

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखी जाए और किसी भी तरह की अनियमितता को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं।

हर परीक्षा केंद्र पर रहेगी पुलिस की मौजूदगी

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पीआरवी-112 वाहनों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। इसके अलावा पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी परीक्षा केंद्रों का नियमित निरीक्षण करें, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

ट्रैफिक प्रबंधन के लिए विशेष व्यवस्था

करीब 15.75 लाख अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने के कारण शहरों में यातायात व्यवस्था पर भी दबाव बढ़ सकता है। इसे ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने प्रभावी ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दिनों में ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने और अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

सोशल मीडिया पर सतत निगरानी

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सोशल मीडिया पर विशेष नजर रखने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कई बार सोशल मीडिया के माध्यम से अफवाहें फैलाने की कोशिश की जाती है, जिससे कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित हो सकती है। इसलिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निगरानी रखते हुए किसी भी भ्रामक या भड़काऊ सामग्री पर तुरंत कार्रवाई की जाए।

चैत्र नवरात्रि की तैयारियों की भी समीक्षा

बैठक में चैत्र नवरात्र के दौरान होने वाले धार्मिक आयोजनों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदेश के प्रमुख शक्तिपीठों और मंदिरों में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि दर्शन व्यवस्था सुचारु रहे, इसके लिए उचित प्रबंधन किया जाए। साथ ही सुरक्षा, स्वच्छता और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए।

पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य

बैठक में प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में ईंधन की आपूर्ति सामान्य है, लेकिन फिर भी अधिकारियों को सतर्क रहना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि यदि कहीं जमाखोरी या कालाबाजारी की शिकायत मिलती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

प्रशासन को दिए स्पष्ट निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक के अंत में अधिकारियों से कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों, परीक्षाओं और बड़े आयोजनों को देखते हुए प्रशासन को पूरी सतर्कता के साथ काम करना होगा। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि सभी अधिकारी अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे और प्रदेश में शांति, सुरक्षा और व्यवस्था को बनाए रखेंगे।