7 अप्रैल 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान, आजमगढ़ की बदली पहचान, अब मिलता है सम्मान

CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आजमगढ़ में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा दुग्ध उत्पादक संस्था के नवनिर्मित दुग्ध अवशीतन केंद्र का शुभारंभ किया।

4 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Aman Pandey

Apr 06, 2026

cm yogi singapore roadshow invest up

सिंगापुर में CM योगी का जलवा | Image - X/@IANS

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले आजमगढ़ के नाम पर लोगों को होटल या धर्मशाला में कमरा तक नहीं मिलता था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। अब कोई रोकने-टोकने वाला नहीं, बल्कि स्वागत करने वाला है। उन्होंने अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण का उल्लेख करते हुए पूछा कि क्या यह कार्य पूर्व की सरकारें कर पातीं, जो रामभक्तों पर गोली चलाने का काम करती थीं। मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार की नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए उत्तर प्रदेश को विकास, सम्मान और आस्था के नए दौर का प्रतीक बताया।

आजमगढ़ की छवि में बदलाव का दावा

समाजवादी पार्टी पर कड़ा प्रहार करते हुए सीएम योगी ने कहा कि सैफई तक विकास कार्य को सीमित रखने वाली इस पार्टी को आजमगढ़ नहीं दिखाई देता, जो बार-बार उसके प्रत्याशी को जिताता है। सीएम योगी ने कहा कि मैं मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी की अध्यक्ष नीरज तथा उनसे जुड़ी 56 हजार से अधिक बहनों का हृदय से अभिनंदन करता हूं कि उन्होंने वह कर दिखाया, जो दूसरों के लिए असंभव प्रतीत होता है। जब एक महिला आत्मनिर्भर बनती है तो पूरा परिवार आत्मनिर्भर होता है, और ऐसे ही आत्मनिर्भर परिवार समाज की मजबूत कड़ी बनते हैं। जब ये कड़ियां आपस में जुड़ती हैं तो राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव तैयार होती है और विकसित भारत का सपना साकार होता है। आज ऐसे प्रोड्यूसर मॉडल और महिलाओं का आत्मनिर्भर बनना अत्यंत आवश्यक है, और इसी प्रेरक परिवर्तन को अपनी आंखों से देखने के लिए मैं आज विशेष रूप से आजमगढ़ आया हूं।

'डबल इंजन सरकार में विकास की रफ्तार हुई तेज'

सीएम ने कहा कि जब मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी ने आजमगढ़ में इस कार्यक्रम की प्रगति के बारे में बताया, तब शुरुआत में लोगों को संदेह था, लेकिन आज 1.70 लाख लीटर दूध का कलेक्शन, किसानों और गोपालकों को 55 रुपए प्रति लीटर का उचित मूल्य तथा बिना मिलावट गुणवत्ता की गारंटी ने इस मॉडल की सफलता को सिद्ध कर दिया है। इससे अन्नदाता और गो-पालक आर्थिक रूप से सशक्त हो रहे हैं और राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी और मजबूत हो रही है। इसी प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के लिए आज हम आजमगढ़ में एकत्र हुए हैं, जो ऋषि-मुनियों की तपोभूमि, विचारकों की धरती और स्वाधीनता आंदोलन की महत्वपूर्ण भूमि रही है, जहां वीर कुंवर सिंह के शौर्य ने फिरंगियों को भागने के लिए मजबूर किया था। आजमगढ़ ने भले ही मुख्यमंत्री दिए होंगे, लेकिन उन लोगों ने आपके यहां काम नहीं किया। मैं आजमगढ़ की जनता से पूछना चाहता हूं कि जिन प्रतिनिधियों को आपने पहले चुना, उन्होंने विकास के लिए क्या किया? आजमगढ़ से मेरा पुराना जुड़ाव रहा है और पीएम मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार को जब यहां विकास का अवसर मिला और उसे धरातल पर उतारा गया।

'पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से बदली कनेक्टिविटी'

सीएम ने कहा, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निर्माण से आज आजमगढ़ से लखनऊ की दूरी घटकर ढाई से पौने तीन घंटे रह गई है, जबकि पहले 6 घंटे लगते थे। गोरखपुर अब डेढ़ घंटे से भी कम समय में पहुंचा जा सकता है, इसी तरह वाराणसी व प्रयागराज से कनेक्टिविटी भी बेहतर हुई है। पूर्व की सरकारों ने वोट बैंक की राजनीति में महाराज सुहेलदेव जैसे महान योद्धा को भुला दिया था, लेकिन हमारी सरकार ने उनके नाम पर विश्वविद्यालय स्थापित कर उन्हें सम्मान दिया। यह अयोध्या सिंह हरिऔध जी की पावन धरा है। रांगेय राघव ने यहां साहित्यिक जगत को नई ऊंचाई दी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चीनी मिल के पुनरुद्धार के अलावा मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के तहत तमसा गार्डन एन्क्लेव आवासीय योजना को स्वीकृति के साथ 400 करोड़ रुपए की धनराशि उपलब्ध कराई गई है, जिसके तहत 2000 से अधिक भूखंडों का विकास लोगों को सस्ते व सुगम आवास उपलब्ध कराए जाएंगे। सरकार द्वारा आजमगढ़ में विकसित की जा रही आवासीय योजना के अंतर्गत प्लॉटों के साथ कमर्शियल कॉम्प्लेक्स, पार्क, ओपन जिम, बैंक, स्कूल, अस्पताल, विद्युत सब स्टेशन और सामुदायिक केंद्र सहित सुरक्षा की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। आजमगढ़ एयरपोर्ट का विकास भी हमारी सरकार ने किया है और जन प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तावित मार्गों के लिए स्वीकृत धनराशि के परिणामस्वरूप आज चारों दिशाओं में फोरलेन कनेक्टिविटी स्थापित हो चुकी है।

महिलाओं की आत्मनिर्भरता को राष्ट्र निर्माण की नींव बताया

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गोरखनाथ मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी प्रदेश की पांचवीं ऐसी इकाई बनकर उभरी है, जो महिला स्वावलंबन का सशक्त उदाहरण है। वर्ष 2019 में झांसी में शुरू हुई बलिनी मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी से आज 72 हजार से अधिक महिलाएं जुड़कर सैकड़ों करोड़ के दुग्ध संग्रहण और वितरण का कार्य कर रही हैं। इसी तरह वाराणसी, आगरा और लखनऊ में भी ऐसी कंपनियां संचालित हो रही हैं। इस बार के बजट में प्रयागराज व बरेली में नई मिल्क प्रोड्यूसर कंपनियों के लिए 200 करोड़ रुपए की व्यवस्था की गई है, जो महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई दिशा दे रही है।

सीएम योगी ने कहा कि आज का दिन अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि आज भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस है, जिसने 46 वर्ष पूरे कर 47वें वर्ष में प्रवेश किया है। 1980 में स्थापित इस दल ने 'देश प्रथम' के सिद्धांत पर चलते हुए राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखा, जबकि अन्य दल परिवार और सीमित क्षेत्रीय विकास तक सिमटे रहे। श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में शुरू हुई यह यात्रा आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक शक्ति के रूप में स्थापित हो चुकी है।

सीएम ने कहा कि कांग्रेस हो या समाजवादी पार्टी, आजमगढ़, मऊ, बलिया व जौनपुर का विकास उनके एजेंडे में कभी नहीं रहा। अगर रहता तो वे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे बना सकते थे। महाराज सुहेलदेव के नाम पर विश्वविद्यालय बना सकते थे। लेकिन, डेवलपमेंट उनके एजेंडे का हिस्सा नहीं है। जबकि भारतीय जनता पार्टी का पहला एजेंडा देश प्रथम है। हमारा सब कुछ देश व देशहित के लिए है।