आयकर की छह टीमों ने रस्तोगी एंड संस के नाम से कारोबार करने वाले दो व्यवसाइयों के ठिकानों पर छापेमारी की है। रस्तोगी एंड संस के नाम से बिजनेस करने वाले कन्हैया लाल रस्तोगी और उनके दो बेटों संजीव रस्तोगी व राजीव रस्तोगी सूद, रियल इस्टेट, भट्ठे से लेकर विदेशों तक में अपना कारोबार फैलाये हुए हैं। आयकर विभाग ने ये छापेमारी एक से दो दिन तक जारी रहने के संकेत दिये हैं।
बता दें कि पुराने लखनऊ के राजा बाजार क्षेत्र में रहने वाले कन्हैया लाल रस्तोगी के बेटों का सबसे बड़ा काम का सूद का है। ये सूदखोरी से ही पैसा कमाते हैं। आयकर विभाग के सूत्रों की मानें तो कन्हैया लाल के दोनों बेटे संजीव रस्तोगी व राजीव रस्तोगी हर महीने कम से कम दो से तीन करोड़ रुपये सूद का पैसा बांटते हैं। इतना ही नहीं, इन्होंने विदेश की कई कंपनियों में निवेश भी किया हुआ है। आयकर विभाग को ये भी जानकारी मिली है कि इन्होंने कई कंपनियों में अलग-अलग नामों से बड़ी रकम निवेश की हुई है। साथ ही ये परिवार बड़े पैमाने पर हवाला कारोबार भी करता है।