1 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इजराइल-ईरान जंग का असर: यूपी के हजारों लोग खाड़ी देशों में फंसे, बंकर में छिपकर बचा रहे जान

Israel Iran War Impact ON UP: इजराइल-ईरान संघर्ष के बीच यूपी के हजारों लोग इजराइल, ईरान, ओमान, दुबई और कुवैत समेत खाड़ी देशों में फंसे हैं। लगातार सायरन और धमाकों के बीच लोग बंकरों में शरण ले रहे हैं।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Himesh Rana

Mar 01, 2026

Israel-Iran War

Israel-Iran War

Israel Iran War Impact ON UP: इजराइल और ईरान के बीच बढ़ते तनाव का असर उत्तर प्रदेश के हजारों परिवारों पर पड़ रहा है। इजराइल के तेल अवीव और आसपास के इलाकों में रह रहे लोगों ने बताया कि हर कुछ मिनट में सायरन बजता है। सायरन सुनते ही सभी को तुरंत बंकर या सेफ हाउस में जाना पड़ता है।

सिद्धार्थनगर के एक युवक ने वीडियो भेजकर बताया कि वे 12 भारतीयों समेत कई देशों के लोगों के साथ बंकर में रह रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर धमाके के साथ दिल की धड़कन तेज हो जाती है और आसमान में मिसाइलें तथा उन्हें रोकने वाली इंटरसेप्टर मिसाइलें दिखाई देती हैं। जौनपुर के एक युवक ने बताया कि 28 फरवरी की सुबह उनकी नींद अलार्म से नहीं बल्कि इमरजेंसी सायरन से खुली।

बाराबंकी, हाथरस और कानपुर के लोग भी फंसे

बाराबंकी जिले के 24 मजदूर इजराइल में काम कर रहे हैं। इनमें अंकुर सिंह और राजपाल सिंह जैसे लोग शामिल हैं। परिजनों के मुताबिक, वे लगातार वीडियो कॉल के जरिए संपर्क में हैं। उनका कहना है कि कई बार दागी गई मिसाइलें आसमान में ही नष्ट कर दी जाती हैं। हाथरस के तीन लोग दुबई में फंसे हैं। कानपुर के जाजमऊ इलाके के लोग कुवैत में हैं। परिवार के लोग वीडियो कॉल पर हालचाल ले रहे हैं, लेकिन माहौल को लेकर चिंता बनी हुई है।

ईरान में छात्र और मौलाना फंसे

बुलंदशहर के सांखनी गांव के एक युवक की इसी महीने शादी तय थी और टिकट भी हो चुका था, लेकिन युद्ध शुरू होने से वे वहां फंस गए। पिछले पांच दिन से परिवार की उनसे बात नहीं हो पाई है। बाराबंकी के नौ लोग ईरान के कुम शहर में फंसे हैं। इनमें मौलाना जफर अब्बास और उनके बेटे युसूफ अब्बास फैजी समेत कई लोग शामिल हैं। कुछ वहां पढ़ाई कर रहे हैं तो कुछ रमजान के दौरान गए थे। परिजन सरकार से सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं।

फ्लाइटें रद्द, वतन वापसी मुश्किल

युद्ध के कारण उत्तर प्रदेश से खाड़ी देशों की कई उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। लखनऊ से सऊदी अरब जाने वाली सभी फ्लाइटें कैंसिल हैं। दुबई, रियाद, मस्कट, अबू धाबी, दम्माम और शारजाह की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। वाराणसी से दुबई जाने वाली दो फ्लाइटें 4 मार्च तक रद्द कर दी गई हैं। इससे हजारों लोग विदेश में फंसे हैं और परिवार अपने प्रियजनों की सुरक्षित वापसी के लिए दुआ कर रहे हैं।