
यूपी में खिलाड़ियों को मिलेगा हर रोज 375 रुपए आहार भत्ता, खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिले
लखनऊ. यूपी सरकार ने पेरिस ओलंपिक 2024 की तैयारियां अभी से शुरू कर दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने मजबूत खिलाड़ी बनाने के लिए खेल कॉलेज में खिलाड़ियों की आहार धनराशि को बढ़ा दिया है। यूपी सरकार ने खेल कॉलेज में खिलाड़ियों की आहार धनराशि को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की तर्ज पर अब 250 रुपए से बढ़ाकर 375 रुपए प्रति दिन प्रति (dietary allowance increased Rs 375 per day) खिलाड़ी करने का ऐलान किया है। सीएम योगी ने कुश्ती सहित दो खेलों को गोद लिया है। दूसरे खेल का नाम शीघ्र ही तय हो जाएगा।
42 करोड़ रुपए बांटे :- राजधानी लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में गुरुवार को तोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के सम्मान में समारोह आयोजित किया गया। जहां पर सीएम योगी ने गोल्डन ब्वाय नीरज चोपड़ा, हॉकी की दोनों टीमों के साथ 50 से अधिक खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को 42 करोड़ रुपए प्रदान किए।
दो खेलों को सरकार ने लिया गोद :- यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने इकाना स्टेडियम में यह ऐलान किया कि, यूपी सरकार दो खेलों को अंगीकृत करके अगले 10 साल तक उनका वित्तपोषण करेगी। इसमें एक खेल तो कुश्ती है दूसरा खेल, खेलकूद विभाग से चयनित किया जाएगा।
लखनऊ में बनेगी कुश्ती अकादमी :- सीएम योगी ने कहाकि, उत्तर प्रदेश के हर गांव में एक खेल मैदान बनाया जा रहा है। राज्य सरकार लखनऊ में एक कुश्ती अकादमी की भी स्थापना करेगी। जिसमें अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को तैयार किया जाएगा। मेरठ में खेल विश्वविद्यालय का भी निर्माण हो रहा है। प्रदेश सरकार मेजर ध्यानचंद के नाम पर एक खेल विश्वविद्यालय भी स्थापित करेगी।
राजपत्रित पदों पर सीधी भर्ती :- इसके साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार ने ओलंपिक खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और विश्व कप तथा विश्व चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश के विजेता खिलाड़ियों को राजपत्रित पदों पर सीधी भर्ती के माध्यम से नियुक्ति प्रदान करने और पुलिस में उपाधीक्षक का पद देने को हरी झंड़ी दिखाई है।
खेल प्रशिक्षक की होगी भर्ती :- मुख्यमंत्री योगी ने खेल विभाग में सहायक प्रशिक्षक के 150 पद और प्रशिक्षकों के अन्य पद बढ़ाने की घोषणा की है। इसके अलावा अनुदान राशि बढ़ाई जाएगी।
इनसेट :-
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को विशेष भत्ता :- सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को प्रतियोगी परीक्षा भत्ता देने का ऐलान किया है। साथ ही एक करोड़ युवाओं को टैबलेट-स्मार्टफोन भी देगी। प्रतियोगी परीक्षा भत्ता की घोषणा करते हुए योगी ने कहाकि, सरकार प्रतियोगी परीक्षा के लिए जाने वाले हर युवा को तीन बार भत्ता देगी। यह फैसला विधायकों की भावनाओं, युवाओं की जरूरतों और अभिभावकों को बड़ी राहत देने वाला होगा।
Published on:
20 Aug 2021 04:39 pm
बड़ी खबरें
View Allउत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
