
स्नैपचैट पर हुई दोस्ती बनी मुसीबत (photo- beebom)
Lucknow Snapchat Rape Case: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती करना कई बार भारी पड़ सकता है। लखनऊ में सामने आए एक मामले ने एक बार फिर यही सवाल खड़ा कर दिया है। यहां स्नैपचैट पर हुई दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली, लेकिन आखिर में नाबालिग किशोरी के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया। लंबे समय तक धमकियों के कारण किशोरी चुप रही, लेकिन जब उसकी तबीयत बिगड़ी और डॉक्टर ने गर्भवती होने की पुष्टि की, तब पूरे घटनाक्रम का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार, 17 वर्षीय किशोरी मूल रूप से रायबरेली की रहने वाली है और परिवार के साथ लखनऊ के बाजारखाला इलाके में रहती है। करीब डेढ़ साल पहले स्नैपचैट पर एक अनजान युवक की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। बातचीत शुरू हुई तो युवक ने अपना नाम हेमंत कुमार बताया। धीरे-धीरे दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और आरोपी ने खुद को प्रेमी बताकर किशोरी का भरोसा जीत लिया।
पीड़िता का आरोप है कि मार्च में आरोपी ने उसे नाका क्षेत्र के एक होटल में मिलने के लिए बुलाया। वहां शादी का भरोसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। जब किशोरी ने विरोध किया और किसी को बताने की बात कही तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी। डर के कारण वह लंबे समय तक किसी से कुछ नहीं कह सकी।
कुछ समय बाद किशोरी की तबीयत खराब रहने लगी। परिजन उसे डॉक्टर के पास लेकर गए, जहां जांच में पता चला कि वह गर्भवती है। इसके बाद परिवार ने उससे बातचीत की तो उसने पूरी घटना बताई। पिता की शिकायत पर नाका कोतवाली में आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
नाका थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार को चारबाग बस अड्डे के बाहर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी रायबरेली जिले के कुरिया अहिया रायपुर गांव का रहने वाला है और लखनऊ में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया है।
उधर, ठाकुरगंज पुलिस ने भी 16 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर ले जाने के मामले में शुभम गौतम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी के बरामद होने और बयान दर्ज होने के बाद मामले में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई हैं।
Updated on:
20 Jul 2026 10:49 am
Published on:
20 Jul 2026 10:49 am
