
लखनऊ के वनस्थली पार्क में बनेगा मैजिकल फैंटसी पार्क, 2026 तक होगा तैयार (फोटो सोर्स : LDA WhatsApp News Group)
Lucknow Jurassic Theme Park Project: लखनऊ के आशियाना क्षेत्र स्थित वनस्थली पार्क अब बच्चों और परिवारों के लिए एक अनोखी आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने यहां ‘मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क’ विकसित करने की योजना पर काम शुरू कर दिया है। जुरासिक पार्क की तर्ज पर तैयार होने वाले इस थीम पार्क में रोबोटिक ड्रैगन, यूनिकॉर्न और पंचतंत्र की कहानियों पर आधारित आकर्षक किरदार दर्शकों को एक अलग दुनिया का अनुभव कराएंगे।
करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से यह परियोजना पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर विकसित की जा रही है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और अधिकारियों को सितंबर 2026 तक कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।
वनस्थली पार्क में बनने वाला यह फैंटसी पार्क राजधानी में अपनी तरह का पहला थीम आधारित पार्क होगा। यहां बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ शिक्षा और कल्पनाशीलता को बढ़ावा देने वाले तत्व शामिल किए जाएंगे। परियोजना के तहत-रोबोटिक ड्रैगन,यूनिकॉर्न,एनिमेटेड काल्पनिक जीव,पंचतंत्र की कहानियों के पात्र,थीम आधारित सजावट और प्रकाश व्यवस्था लगाई जाएगी। इन आधुनिक तकनीक से लैस इंस्टॉलेशन में ध्वनि और मूवमेंट की व्यवस्था भी होगी, जिससे बच्चों को वास्तविक अनुभव जैसा अहसास होगा।
LDA इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल के तहत विकसित कर रहा है। इससे सरकार पर वित्तीय बोझ कम होगा और निजी क्षेत्र की तकनीकी विशेषज्ञता का लाभ मिलेगा। परियोजना की अनुमानित लागत लगभग 12 करोड़ रुपये बताई गई है। पार्क में प्रवेश शुल्क, फूड कोर्ट, गतिविधि जोन और अन्य सुविधाओं से राजस्व अर्जित किया जाएगा, जिससे परियोजना आत्मनिर्भर बन सके।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने वनस्थली पार्क पहुंचकर कार्य प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि सितंबर 2026 तक परियोजना हर हाल में पूरी की जाए। निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, नवरात्रि के अवसर पर पार्क को आम जनता के लिए खोलने की तैयारी करने को भी कहा गया है।
LDA की योजना है कि परियोजना के प्रमुख हिस्सों को चरणबद्ध तरीके से पूरा कर नवरात्रि के दौरान जनता के लिए खोल दिया जाए। इससे त्योहार के दौरान शहरवासियों को नया मनोरंजन स्थल मिल सकेगा।
यदि तय समय सीमा के अनुसार काम पूरा होता है तो यह पार्क राजधानी का प्रमुख पर्यटन और पिकनिक स्पॉट बन सकता है।
वनस्थली पार्क के साथ-साथ LDA शहर के अन्य पार्कों के सौंदर्यीकरण पर भी काम कर रहा है। ज्योतिबा फुले जोनल पार्क में चार नए फाउंटेन लगाए जाएंगे। इन फाउंटेन में आधुनिक लाइटिंग और म्यूजिकल सिस्टम की सुविधा होगी, जिससे शाम के समय पार्क की खूबसूरती और बढ़ेगी।
निरीक्षण के दौरान एलडीए वीसी ने गौतम बुद्ध पार्क में चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की। यहां निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि एक माह के भीतर कार्य में सुधार नहीं हुआ तो टेंडर निरस्त कर दिया जाएगा और नई एजेंसी को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि मैजिकल लैंड फैंटसी पार्क बनने से राजधानी में पारिवारिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। अभी तक लखनऊ में थीम आधारित आधुनिक पार्कों की कमी महसूस की जा रही थी। यह परियोजना बच्चों के लिए शैक्षिक और मनोरंजक अनुभव,परिवारों के लिए वीकेंड डेस्टिनेशन,शहर की सुंदरता में वृद्धि,स्थानीय रोजगार के अवसर,जैसे कई लाभ लेकर आएगी।
पंचतंत्र की कहानियों पर आधारित किरदार बच्चों को नैतिक शिक्षा और भारतीय संस्कृति से जोड़ेंगे। वहीं रोबोटिक और डिजिटल तकनीक से सुसज्जित इंस्टॉलेशन उन्हें आधुनिक विज्ञान से परिचित कराएंगे।इस तरह यह पार्क मनोरंजन के साथ-साथ शैक्षिक उद्देश्य भी पूरा करेगा।
LDA प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी परियोजना में देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और गुणवत्ता जांच के निर्देश दिए गए हैं। राजधानी में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पार्कों को आधुनिक स्वरूप देने की योजना के तहत यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
Published on:
27 Feb 2026 02:15 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
