
मध्य प्रदेश के रीवा में श्रमिकों की बस ट्रॉले से भिड़ी।
मध्य प्रदेश के रीवा जिले में नेशनल हाईवे-30 पर बड़ा हादसा हुआ है। हैदराबाद से गोरखपुर आ रही एक बस ट्राले से टकराने के चलते 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 40 लोग घायल हो गए हैं। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी लोग मजदूर थे, जो दिवाली मनाने अपने घर आ रहे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस दुर्घटना पर गहरा दुख जताते हुए घायलों का बेहतर इलाज कराने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
जानकारी के अनुसार, यूपी पासिंग एक बस हैदराबाद से श्रमिकों को लेकर शुक्रवार को गोरखपुर के लिए निकली थी। देर रात करीब 11.30 बजे मध्य प्रदेश के रीवा में एनएच-30 पर बस की एक ट्राले से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्राला चालक के अचानक ब्रेक लेने के चलते पीछे आ रही बस ट्राले से जा भिड़ी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल स्थानीय लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया।
20 घायलों को प्रयागराज के अस्पताल में कराया भर्ती
बताया जा रहा है कि बस में करीब 80 मजदूर सवार थे, जो दिवाली मनाने अपने घर आ रहे थे। इस भीषण सड़क हादसे में करीब 40 लोग घायल हो गए हैं। वहीं, 15 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ लोग चालक के केबिन में फंसे हुए थे, जिन्हें कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला जा सका। रीवा एसपी नवनीत भसीन के मुताबिक, हादसे में घायल लोगों में से करीब 20 को यूपी के प्रयागराज स्थित अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
सीएम योगी ने की दो-दो लाख की मदद देने की घोषणा
रीवा सड़क हादसे पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है। साथ ही मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम योगी ने हादसे में घायलों के बेहतर इलाज का भी अनुरोध किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने के भी निर्देश दिए हैं।
Updated on:
22 Oct 2022 10:01 am
Published on:
22 Oct 2022 09:47 am
बड़ी खबरें
View Allलखनऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
