
Weather News- पांच जिलों में भारी से अति भारी बरसात का ऑरेंज अलर्ट
UP Monsoon Updates यूपी छोड़ देश के दूसरे राज्य में झमाझम बारिश हो रही है। पर उत्तर प्रदेश में तो बारिश का इंतजार खत्म नहीं हो रहा है। पर मौसम विभाग के नए मानसून अपडेट से लग रहा है कि, उत्तर प्रदेश पर अब इंद्रदेव मेहरबान होने वाले हैं। मौसम विभाग ने बारिश को लेकर पूर्वानुमान और चेतावनी जारी की है कि, अगले 24-72 घंटों के बीच यूपी के पश्चिमी, पूर्वी हिस्सों में भारी बारिश होगी। साथ में तेज हवाएं चलेंगी और आकायाीय बिजली भी गिरने की आशंका है। मौसम विभाग का कहना कि, उत्तर प्रदेश में गरज चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। यूपी के कई जिलों में चार दिन झमाझम बारिश होगी। मौसम विभाग के अलर्ट के अनुसार 20-23 जुलाई के बीच गरज चमक के साथ तेज बारिश होगी। मौसम विभाग ने डार्क यलो अलर्ट जारी किया है।
20-21 जुलाई से पूरे यूपी में मॉनसून सक्रिय
सीएसए के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि, टर्फ लाइन अभी तक मध्य भारत में थी। अब यह ऊपर की ओर बढ़ रहा है। जिस वजह से 20 जुलाई से बारिश की उम्मीद है। 21-22 जुलाई को पूरे प्रदेश में मॉनसून सक्रिय होगा। जिससे भारी बारिश के आसार बन रहे है। उत्तर प्रदेश में अभी तक अच्छी बरसात का इंतजार लोग कर रहे हैं। बारिश न होने से किसान चिंतित हैं। धान की फसल पर काफी प्रभाव पड़ा रहा है।
उत्तराखंड में बारिश का रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने यूपी के पड़ोसी राज्य उत्तराखंड के सात जिलों के लिए 20 जुलाई को अत्यंत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। साथ ही 21 और 22 जुलाई के लिए भी पर्वतीय जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, ऊधमसिंहनगर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। इसके लिए इन जिलों को ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है। 20 के लिए देहरादून, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, उधमसिंहनगर व हरिद्वार जिलों के कुछ स्थानों के लिए भारी से बहुत भारी बारिश होने के साथ कहीं कहीं अत्यंत भारी बारिश होने को लेकर रेड अलर्ट यथावत रखा गया है। शेष जिलों में कहीं कहीं भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।
Published on:
20 Jul 2022 07:25 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
