17 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गिरगिट की तरह रंग बदलती है कांग्रेस, महिला आरक्षण को लेकर मायावती का तीखा हमला, सपा-भाजपा को भी लपेटा

महिला आरक्षण अधिनियम लागू होने के बाद बसपा सुप्रीमो मायावती ने कांग्रेस, भाजपा और सपा पर तीखा हमला बोला।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Anuj Singh

Apr 17, 2026

mayawati

PC: IANS

UP Politics, Women Reservation Bill: महिला आरक्षण अधिनियम गुरुवार से लागू हो गया है और इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी गई है। इस मुद्दे पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबा पोस्ट लिखा है। इसमें उन्होंने कांग्रेस, भाजपा और समाजवादी पार्टी (सपा) पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस को 'गिरगिट' बताया है और SC, ST व OBC समाज को इन दलों के बहकावे में न आने की सलाह दी है।

कांग्रेस पर मायावती का आरोप

मायावती ने कहा कि SC, ST और OBC के संवैधानिक अधिकारों के मामले में कांग्रेस पार्टी अपना रंग बदलने वाली 'गिरगिट' की तरह काम करती है। महिला आरक्षण में अब ये पार्टियां इन वर्गों की बात कर रही हैं, लेकिन जब कांग्रेस केंद्र में सत्ता में थी तब इन वर्गों के आरक्षण कोटे को पूरा करने के लिए कभी कोई पहल नहीं की।

सपा का दोहरा चरित्र

मायावती ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सपा अपना रंग बदलकर राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने याद दिलाया कि मंडल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार OBC को 27% आरक्षण बसपा के अथक प्रयासों से पूर्व प्रधानमंत्री वी.पी. सिंह की सरकार में लागू हुआ था। यूपी में पिछड़े मुस्लिमों को OBC का लाभ देने वाली 1994 की पिछड़ा वर्ग आयोग रिपोर्ट को सपा सरकार ने ठंडे बस्ते में डाल दिया था। इसे बसपा की 1995 में बनी सरकार ने तुरंत लागू किया। अब सपा इनकी महिलाओं को अलग आरक्षण देने की बात कर रही है, जबकि सत्ता में रहते समय इसका उलटा रवैया अपनाती है।

भाजपा और कांग्रेस एक जैसे

मायावती का कहना है कि कांग्रेस भी भाजपा की तरह ही काम करती है। महिला आरक्षण को 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कर लागू करने का मुद्दा उठाते हुए उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस केंद्र में सत्ता में होती तो वह भी भाजपा जैसा ही कदम उठाती।

समाज को सलाह

बसपा सुप्रीमो ने SC, ST, OBC और मुस्लिम समाज से अपील की है कि ये सभी पार्टियों के छलावे और दोहरे चरित्र से सावधान रहें। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण में इन वर्गों को जो भी लाभ अभी मिल रहा है, उसे फिलहाल स्वीकार कर लेना चाहिए। मायावती ने जोर देकर कहा कि इन समाजों को किसी के बहकावे में नहीं आना चाहिए। उन्हें खुद अपने पैरों पर खड़ा होकर अपने समाज को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाना होगा। यही सही रास्ता है।