पिछले 24 घंटे में सोनभद्र और सहारनपुर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले 2-3 दिनों के भीतर उत्तर प्रदेश के उत्तरी और मध्यवर्ती भागों में भारी से बहुत भारी वर्षा हो सकती है। 30 जून को तराई क्षेत्रों जैसे लखीमपुर खीरी, बहराइच, पीलीभीत, श्रावस्ती आदि में अत्यधिक भारी वर्षा के आसार हैं। वहीं 1 जुलाई से मौसम प्रणाली के फिर से दक्षिण की ओर खिसकने के कारण दक्षिणी जिलों जैसे प्रयागराज, चित्रकूट, मिर्जापुर, सोनभद्र, झांसी, बांदा आदि में भारी वर्षा का दौर शुरू हो सकता है।