22 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

फेमस टीचर नवीन सर ने थामा सपा का हाथ, 2027 में चुनाव लड़ने की अटकलें तेज

UP Politics: रोजगार विद अंकित के लोकप्रिय शिक्षक नवीन शर्मा ने समाजवादी पार्टी जॉइन कर राजनीति में कदम रखा है। बुलंदशहर की सिकंदराबाद सीट से 2027 विधानसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं तेज हैं। जानिए उनका पूरा सफर और राजनीति में आने की वजह।

2 min read
Google source verification

लखनऊ

image

Himesh Rana

Feb 22, 2026

फोटो- फेमस नवीन सर और अखिलेश यादव

UP Politics: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक नया और चर्चित चेहरा जुड़ गया है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाले लोकप्रिय शिक्षक नवीन शर्मा ने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी जॉइन की। उनके इस फैसले के बाद राजनीतिक और शैक्षणिक जगत दोनों में चर्चा तेज हो गई है। खासतौर पर युवाओं के बीच यह खबर तेजी से वायरल हो रही है।

किसान परिवार से निकलकर बने लाखों युवाओं की आवाज

नवीन शर्मा उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के सिकंदराबाद क्षेत्र के गांव मसौता के रहने वाले हैं। वे एक साधारण किसान परिवार से आते हैं। शुरुआती पढ़ाई गांव और आसपास के क्षेत्र में पूरी करने के बाद उन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र को चुना और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों को पढ़ाना शुरू किया। उनकी पढ़ाने की शैली सरल और समझाने वाली है, जिससे कम समय में ही वे छात्रों के बीच लोकप्रिय हो गए। वे हमेशा छात्रों को कम खर्च में बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने की बात करते रहे हैं। यही वजह है कि आज लाखों छात्र उन्हें अपना मार्गदर्शक मानते हैं।

‘रोजगार विद अंकित’ से मिली देशभर में पहचान

नवीन शर्मा को सबसे ज्यादा पहचान YouTube चैनल ‘रोजगार विद अंकित’ से मिली। इस चैनल पर वे हिंदी और सामान्य अध्ययन जैसे विषय पढ़ाते हैं। यह चैनल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों के बीच बेहद लोकप्रिय है और इसके करोड़ों सब्सक्राइबर हैं। नवीन सर की क्लास का इंतजार छात्र बेसब्री से करते हैं। वे पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों को मोटिवेट भी करते हैं और उनके भविष्य से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखते हैं। उनकी यही खासियत उन्हें अन्य शिक्षकों से अलग बनाती है।

सपा जॉइन कर राजनीति में रखा कदम

नवीन शर्मा ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है। उन्होंने इसे अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण फैसला बताया। उन्होंने लिखा कि यह केवल किसी राजनीतिक दल से जुड़ना नहीं है, बल्कि एक किसान पुत्र के स्वाभिमान और जनहित की आवाज को मजबूत करने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि वे समाजवादी विचारधारा के साथ जुड़कर युवाओं, छात्रों और आम लोगों के मुद्दों को मजबूती से उठाने का प्रयास करेंगे।

2027 में चुनाव लड़ने की संभावना

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि समाजवादी पार्टी उन्हें 2027 के विधानसभा चुनाव में बुलंदशहर जिले की सिकंदराबाद सीट से उम्मीदवार बना सकती है। पिछले कुछ समय से नवीन शर्मा अपने क्षेत्र में सक्रिय भी नजर आ रहे हैं। वे लोगों से मिल रहे हैं और सामाजिक कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। उनकी लोकप्रियता को देखते हुए माना जा रहा है कि वे चुनावी मैदान में एक मजबूत उम्मीदवार साबित हो सकते हैं। हालांकि अभी पार्टी की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

पहले भी अखिलेश यादव से कर चुके हैं मुलाकात

बताया जा रहा है कि नवीन शर्मा की सपा प्रमुख अखिलेश यादव से पहले भी मुलाकात हो चुकी है। इस दौरान उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्रों की समस्याओं और रोजगार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की थी। उसी समय से उनके राजनीति में आने की संभावना जताई जा रही थी। अब पार्टी में शामिल होने के बाद यह साफ हो गया है कि वे सक्रिय राजनीति में अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं।